एस. पी. सक्सेना/बोकारो। देश की आजादी की लड़ाई के अमर पुरोधा शहीद-ऐ-आजम भगत सिंह के भाई कुलतार सिंह के सुपुत्र किरनजीत सिंह संधू के हाथों राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित झारखंड के ब्लड मैन हरबंस सिंह सलूजा सम्मानित किए गये।
विश्व रिकॉर्ड धारक एवं ह्यूमैनिटी सेवियर्स बोकारो के संस्थापक हरबंस सिंह सलूजा को यह राष्ट्रीय सम्मान शहीद भगत सिंह यूथ ब्रिगेड गया बिहार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में दिया गया।
सम्मान समारोह कार्यक्रम बीते 20 अगस्त को बिहार के गया शहर के हरिदास सेमिनार ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया था। राष्ट्रीय सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि शहीद भगत सिंह के भतीजे किरनजीत सिंह संधु एवं विशिष्ट अतिथि बाबा कमल किशोर, गणेश पासवान (मेयर गया), संजय विनायक जोशी (संगठन महामंत्री राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) उपस्थित थे।
इस अवसर पर शहीद भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के संस्थापक सह राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनी कुमार वर्मा ने ब्लड मैन सलूजा के सम्मान में कहा कि ये कोई छोटे-मोटे सेवादार नहीं, बल्कि इनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए पूरे देशभर में इनकी एक अलग पहचान है।
ब्लड मैन सलूजा ने शहीद भगत सिंह के भतीजे द्वारा प्राप्त सम्मान के लिए खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का बहुत ही खुशनुमा पल हैं, जब वे शहीद-ऐ-आजम के भतीजे से मिले। उनसे मिलकर सलूजा भावुक हो गये। उन्होंने सम्मान ग्रहण करने के उपरांत मंच पर बोले सो निहाल सत श्रीअकाल का जैकारा लगाया।
इस संबंध में ब्लड मैन सलूजा ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा विगत 15 वर्षों से लगातार रक्तसेवा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बोकारो शहर ही नहीं पूरे झारखंड में उनकी संस्था रक्तसेवा में अग्रणी भूमिका निभा रही है। इसी कारण उन्हें देश भर के अलग-अलग राज्यों से लगातार सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया एवं यह सम्मान बोकारो के सभी रक्तदाताओं को समर्पित किया।
![]()













Leave a Reply