Advertisement

केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में दसवीं कक्षा का आशीर्वाद समारोह

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित होनेवाले दसवीं बोर्ड परीक्षा को लेकर 7 फरवरी को केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में आशीर्वाद समारोह आयोजित किया गया।

जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर में कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं का सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के मद्देनज़र आशीर्वाद समारोह सह प्रवेश पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सर्वप्रथम विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी आर डे ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। तत्पश्चात् डॉ डे एवं अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए टीका लगाया। कार्यक्रम में राकेश पाठक ने सीबीएसई परीक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। शिक्षिका स्वाति मलिका कुजुर ने अभिभावकों की भूमिका, ऋजु सिंह ने परीक्षा के तनाव, दिव्या सरोज एवं सना परवीन ने समय प्रबंधन विषय पर विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ डे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पूरी लगन और मेहनत से परीक्षा की तैयारी करना है। उन्हें अनावश्यक तनाव नहीं लेना है। पौष्टिक भोजन लेना है। समय प्रबंधन और लेखन कौशल का ध्यान रखना है। पूरा प्रश्न पत्र हल करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपने आप में विशेष है। अपनी प्रतिभा को पहचान कर सही दिशा में परिश्रम करना चाहिए, जिससे आप अच्छे नागरिक बनकर समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

इस अवसर पर अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भी अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का संचालन हिन्दी शिक्षक मोहम्मद इमरान और धन्यवाद ज्ञापन राकेश पाठक ने किया। मौके पर विद्यार्थियों को उपहार स्वरूप एक कलम और चॉकलेट प्रदान किया गया। आयोजित समारोह में सभी शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे। सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम संपन्न हो गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *