गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। शीतलहर से प्रभावित असहाय, वृद्ध एवं जरूरतमंदो के बीच वैशाली जिला प्रशासन द्वारा लगातार कंबल वितरण का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 22-23 दिसंबर की मध्यरात्रि जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित रेलवे स्टेशन क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने स्वयं मौके पर पहुँचकर जरूरतमंदों को कंबल ओढ़ाए और मानवीय संवेदना प्रकट की।
बताया जाता है कि भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी सिंह ने देखा कि हाजीपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन परिसर में कई असहाय, वृद्ध एवं जरूरतमंद कड़ाके की ठंड एवं शीतलहर से प्रभावित खुले स्थानों पर सो रहे हैं। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तत्काल राहत प्रदान की और स्वयं अपने हाथों से जरूरतमंदों को कंबल ओढ़ाए। साथ ही उन्होंने उपस्थित जनों का हालचाल जाना और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ठंड के मौसम में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी असहाय या जरूरतमंद सहायता से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा राहत एवं बचाव कार्यों को निरंतर जारी रखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि वैशाली जिलाधिकारी सिंह के निर्देशन में पूरे जिले में जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त शहरी क्षेत्रों, नगर निकायों एवं ग्रामीण इलाकों में विभिन्न प्रमुख स्थलों एवं चौक-चौराहों पर प्रशासन द्वारा अलाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि आमजन को शीतलहर एवं ठंड से बचाव मिल सके।
वैशाली जिला प्रशासन द्वारा आम रहिवासियों से अपील की गई है कि ठंड के इस मौसम में यदि कहीं असहाय, वृद्ध अथवा जरूरतमंद सहायता के अभाव में दिखाई दें, तो इसकी सूचना प्रशासन को अविलंब दें, ताकि उन्हें समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
![]()













Leave a Reply