Advertisement

उपेक्षा से अपनी आभा खो रहा है सोनपुर रेल का ब्लैक ब्यूटी पार्क

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद मे सोनपुर न्यू ऑफिसर्स कॉलोनी रोड में स्थित ब्लैक ब्यूटी पार्क साफ- सफाई और रख – रखाव के अभाव में अपनी आभा खो रहा है। यह एक लघु परन्तु दर्शनीय पार्क है।

पूर्व मध्य रेलवे के इस ब्लैक ब्यूटी पार्क में भाप इंजन को रखा गया है। इन्हें ही ब्लैक ब्यूटीज नाम दिया गया है। भाप इंजन को इस पार्क में प्रदर्शित किया गया है। उद्देश्य साफ है कि इस पार्क में आकर इस इंजन को दर्शक देख सके, उनकी बारे में जान सकें।

आसपास से गुजरने वाले राहगीरों ने 8 जुलाई को बताया कि वर्तमान में पार्क की हालत अच्छी नहीं है। कुछ माह पूर्व तक यहां आसपास के बच्चे – बच्चियों एवं अन्य गणमान्य जनों का इस पार्क में आवागमन होता था। बच्चे – बच्चियां यहां खेलते थे। स्वास्थ्य लाभ लेते थे। शाम की बेला में सयाने भी सपरिवार सुखद हवा का आनंद लेने पहुंच जाते थे। इस मनोरंजक स्थान में व्यायाम से संबंधित कई उपकरण हैं। एक लाल और पीले रंग की पुल अप बार संरचना भी है, जो आमतौर पर बॉडी वेट व्यायाम के लिए उपयोग की जाती है।

पार्क के भीतर घूमने के लिए किनारे – किनारे सड़क भी बना है। बैठने के लिए पत्थर के बेंच भी हैं। पर उगे जंगल झार ने इसे किसी लायक नहीं छोड़ा है। यहां केवल रख रखाव की जरूरत है, जो अभी दिखाई नहीं पड़ती। साफ – सफाई और रख रखाव की लगातार कमी से इस पार्क में चतुर्दिक घास – फूस उग आए हैं। मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। इस पार्क में बच्चों एवं सयाने के शारीरिक व्यायाम, कसरत आदि के लिए व्यवस्थाएं भी हैं, पर उग आए घास -फूस गवाही दे रहा हैं कि इस पार्क का उपयोग अभी नहीं हो पा रहा है।

इन घास – फूसों ने इस पार्क का आकर्षण निगल लिया है। विद्यालय से कक्षा छोड़कर भागे हुए कुछ आवारागर्द बच्चे यहां कभी -कभी दिख जाते हैं। जानकारी के अनुसार पूर्व मध्य रेल के सोनपुर रहा मंडल के इस नव विकसित ब्लैक ब्यूटी पार्क का उद्घाटन पूर्व मध्य रेल हाजीपुर की महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा शिवानी गायेन ने 3 फ़रवरी 2017 को किया था। उक्त अवसर पर महिला कल्याण संगठन सोनपुर की अध्यक्षा अनुपमा अग्रवाल, महिला कल्याण संगठन सोनपुर की उपाध्यक्ष रेणु मिश्रा के अलावा विभागीय अधिकारी ए के चंदन, जावेद अख्तर, आरपी मिश्रा, मनोज कुमार आदि उपस्थित थे।

निश्चित रूप से जिस उद्देश्य से यहां भाप इंजन रखा गया है इसका आनेवाली पीढ़ियों के लिए एक बहुत बड़ा संदेश छुपा है। निरंतर प्रगति पथ पर बढ़ता रेल आज कहां से कहां पहुंच गया। इतिहास की इन बातों को देख सुनकर आज के बच्चे गौरवान्वित महसूस करेंगे। काला धुंआ और काला इंजन के कारण ही इसका संभवतः ब्लैक ब्यूटी नामकरण हुआ और इस पार्क में धरोहर के रुप में रखे जाने के कारण इसका नाम ब्लैक ब्यूटी पार्क रखा गया होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *