Advertisement

भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा का प्रखंड कार्यालय चास में घेराव

पूर्व विधायक ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड के हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार और कुशासन के आरोपों को लेकर भाजपा झारखंड प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार 24 जून को बोकारो जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार आक्रोश प्रदर्शन और घेराव किया।

भारी संख्या में जुटे जनसमूह ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक निष्क्रियता को लेकर तीखा विरोध जताया।
इस अवसर पर चास प्रखंड कार्यालय पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम की कमान बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने संभाली। अपने संबोधन में उन्होंने चास शहर की आस्था ज्वेलर्स में हुई डकैती का जिक्र करते हुए कहा कि, उक्त घटना को 15-16 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अब तक डकैतों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जब तक पुलिस हरकत में आएगी, तब तक अपराधी राज्य की सीमा पार कर चुके होंगे।

एसपी को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में आम आदमी की सुरक्षा भगवान भरोसे है, और सरकार सिर्फ भाषणों में व्यस्त है। भाजपा नेता विजय सिंह ने कहा कि, झारखंड की यह सरकार बहरी हो चुकी है। जब मुख्यमंत्री स्वयं कहते हैं कि बीडीओ-सीओ कार्यालय दलालों के अड्डे बन गए हैं, तो यह उनकी खुद की सरकार पर अविश्वास का प्रमाण है। कहा कि अगर एक मुख्यमंत्री सार्वजनिक मंच से प्रशासन की पोल खोल रहा है, तो आम जनता का हाल क्या होगा, इसका अंदाजा स्वतः हीं लगाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अब हेमंत सरकार पर से भरोसा खो चुकी है। यही कारण है कि भाजपा के इस आक्रोश घेराव कार्यक्रम को भारी जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला, तो भाजपा इसी तरह जनआंदोलनों के माध्यम से सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करती रहेगी।
घेराव प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और जल्द से जल्द भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई तथा कानून व्यवस्था में सुधार की मांग की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *