Advertisement

कांग्रेस के काले दिनों की याद कराती है आपात काल-भाजपा

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के रजिस्ट्री बाजार स्थित सोनपुर नगर मंडल भाजपा कार्यालय मे 26 जून को नगर मंडल के कार्यकर्ताओं की एक बैठक की गयी। जिसमें 25 जून के दिन कांग्रेस द्वारा पूरे देश में आपातकाल लागू किए जाने को काला दिवस बताया गया।

इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि आपात काल कांग्रेस के काले दिनों की याद कराती है। मौके पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण एवं डॉ श्यामा प्रसाद मुख़र्जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ मुख़र्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें भारत माता का सच्चा सपूत बताया, जिन्होंने भारत की एकता व अखंडता के लिए अपना बलिदान दिया।

इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी बाजुओं पर काली पट्टी बांध कर कांग्रेस के कुकृत्यों का काला दिवस मनाया। मौके पर सोनपुर प्रखंड के जेपी सेनानी रामशंकर सिंह, प्रभु सिंह, मान्धाता सिंह को भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बब्लु एवं संचालन संजीव सिंह ने किया।

यहां सम्मानित जेपी सेनानियों ने कहा कि 25 जून 1975 की देर रात को ही आपातकाल के मसौदा पर राष्ट्रपति के हस्ताक्षर हो गये और रात से ही पुलिस प्रशासन का तांडव शुरू हो गया था। कहा कि रात को ही लोकनायक जयप्रकाश नारायण, संघ संचालक नानाजी देशमुख, अटल बिहारी बाजपेयी, मोरारजी देसाई, चौधरी चरण सिंह, राजनारायण राय, कर्पूरी ठाकुर एवं 1253 पत्रकार सहित 21 महीनों मे 1,10, 000 (एक लाख दस हजार ) आमजनों को गिरफ्तार किया गया था। कहा कि दो साल बाद कांग्रेस को ऐसा लगा कि उनके विरोधी समाप्त हो गये है तब प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में चुनाव कराया।चुनाव में कांग्रेस की जबरदस्त हार हुई। स्वयं प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी हार गई।

वक्ताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को उत्तरप्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा एवं दिल्ली मे एक भी सीट नहीं मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश भाजपा नेता हेमनारायण सिंह, जिला मंत्री राजीव सिंह ने भी आपातकाल पर विस्तृत प्रकाश डाला। बैठक में सदर दक्षिणी मण्डल अध्यक्ष दीपक शर्मा, निवर्तमान नगर अध्यक्ष शशिभूषण सिंह, सुनील दुबे, महेश कुमार, राजेश सिंह सोलंकी, हर्षवर्धन, दुर्गा दास, अशोक कुमार सिंह, कृष्णन्दन दास, सतेन्द्र नारायण सिंह, उदय प्रताप, अरुण कुमार सिंह, महेश राय आदि कार्यकर्ता शामिल हुए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *