Advertisement

भाजपा नेता ने चास प्रखंड में जल जीवन मिशन योजना प्रगति की ली जानकारी

समय से पुरा हो जल ग्रामीण नल-जल योजना, अन्यथा होगा आंदोलन-कुमार अमित

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुमार अमित ने केन्द्र सरकार के जल जीवन मिशन के तहत बोकारो जिला के हद में चास प्रखंड में जारी ग्रामीण नल-जल योजना के कार्य प्रगति की जानकारी ली।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बीते 14 मई को चास प्रखंड के हद में सोनाबाद स्थित कार्यस्थल पर पहुँच कर कार्यरत एजेंसी से प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने इस कार्य की अत्यंत धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए कहा कि जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों के हर घर में नल से स्वच्छ जल पहुँचाने हेतु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारम्भ की गई एक महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना में केन्द्र सरकार के साथ-साथ झारखंड सरकार की भी बराबर की भागीदारी है।

इस योजना से चास प्रखंड में भी सभी पंचायतों के चालीस हज़ार परिवारों तक नल जल पहुँचाने के लिए दस स्थानों पर जल मिनार निर्माण और पाइप लाईन बिछाने का कार्य किया जाना है। भाजपा नेता कुमार अमित ने कहा कि कार्य प्रारंभ भी हो चुका है पर निर्माण कार्य की गति बहुत धीमी है। इस कार्य को कर रही एजेंसी ने कार्य धीमी होने का कारण राज्य सरकार द्वारा बिल का भुगतान नहीं होना बताया है। जबकि केन्द्र सरकार ने राज्य सरकार को इस योजना हेतु फंड पूर्व में आवंटित कर दिया है।

फंड की कमी के कारण चास प्रखंड में जारी इस योजना का अपने तय समय जून माह तक पुरा हो पाना असम्भव दिख रहा है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि चास प्रखंड में इस जल जीवन मिशन जलापूर्ति योजना से लगभग ढाई लाख की बड़ी आबादी लाभान्वित होगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की लापरवाही की दंश झेल रही इस महत्वपूर्ण जनाकांक्षी योजना को किसी हाल में विफल नहीं होने दिया जाएगा।

कुमार अमित ने इस योजना को समय से पुरा नहीं होने पर ग्रामीण जनता के साथ सड़क पर उतर राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन करने की बात कही। भाजपा नेता ने इस योजना को सफलता पूर्वक धरातल पर उतारने और इसका भरपूर लाभ चास प्रखंड के ग्रामीणों को दिलाने के लिए एजेंसी को हर सम्भव प्रयास और सहयोग करने की भी बात कही है। इस दौरान ग्रामीण करण गोराई, धनन्जय कर, रतन महतो, कौशिक मुखर्जी, लालबाबू, काली मंडल, हीरालाल, विनय महतो, हराधन गोप, विवेक अग्रवाल आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *