प्रहरी संवाददाता/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)। पूर्वी सिंहभूम जिला के हद में चांडिल के जामडीह में 30 अक्टूबर को हुए सड़क दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार नीमडीह थाना क्षेत्र के पारगामा पंचायत के चुनचुरिया गांव के जामडीह टोला में सुबह लगभग 11 बजे भयावह सड़क दुर्घटना में डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिला के हद में बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित बेलडीह रहिवासी धनंजय दास के रूप में की गयी है।
बताया जाता है कि धनंजय अपनी पत्नी को लेने के लिए कुकड़ू की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तालाब के समीप बने घुमावदार तीखा मोड़ पर कुकड़ू से आ रहे एक खाली डंपर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि धनंजय ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया।
उधर, धनंजय की पत्नी अपने दो बच्चों के साथ कुकड़ू में पति के आने का इंतजार कर रही थी। मोबाइल पर हादसे की खबर मिलते ही वह परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पति का शव देखकर वह बच्चों के साथ फूट-फूटकर रोने लगी। मौके पर मौजूद रहिवासी भी इस मार्मिक दृश्य को देखकर भावुक हो गये।
घटना की सूचना पर नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी तिवारी ने बताया कि फरार डंपर का नंबर मिल गया है और वाहन विवरण परिवहन विभाग से मंगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि मृतक के आश्रितों को व्हीकल एक्ट के तहत मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन प्रयास करेगा। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
![]()













Leave a Reply