Advertisement

कोयला माफियाओं के खिलाफ बड़ा एक्शन प्लान जल्द-कोयला मंत्री

प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कोयला माफियाओं के खिलाफ जल्दी बड़ा एक्शन प्लान की बात कही है। वे दिल्ली जाने के क्रम में धनबाद के बरवड्डा हवाई अड्डे पर कही।

कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि कुछ आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति रोजगार के लिए कोयला चोरी करते हैं। ऐसे गरीबों की जीविका एवं रोजगार के लिए क्या किया जा सकता है, इसपर विचार किया जा रहा है। वहीं बड़े स्तर पर कोयला तस्करी में शामिल तथाकथित, जिसे कोयला माफिया कहते हैं, उनके खिलाफ एक्शन प्लान पर काम कर रहे हैं।

बीसीसीएल सहित झारखंड स्थित कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनियों यथा सीसीएल तथा ईसीएल (आंशिक) के खराब प्रदर्शन पर मंत्री ने कहा कि कोयले की मांग घटी नहीं है। कुछ कारण हैं, इस वजह से ऐसा लग रहा है। सबकुछ जल्दी ठीक हो जाएगा। कंपनियां इसके लिए प्रयासरत हैं। कहा कि देश में कोयले की मांग है और आगे भी रहेगी। कोयला कंपनियों के निजीकरण संबंधी सवाल पर मंत्री ने कहा कि ऐसी कोई योजना नहीं है।

उन्होंने कहा कि कोयला देश के लिए ऊर्जा स्तंभ है। झरिया पुनर्वास पर उन्होंने कहा कि बेलगड़िया और करमाटांड़ जैसे टाउनशिप को कायदे से सुविधायुक्त बनाया जा रहा है। बेलगड़िया में शिफ्ट होने वालों को स्थायी पट्टे पर फ्लैट मिलेगा। इसमें वे पीढ़ी दर पीढ़ी रह सकेंगे, लेकिन फ्लैट को बेच नहीं सकेंगे। उन्होंने कहा कि अग्नि प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले को सुरक्षित स्थान पर बसाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार चिंतित है।

इस दिशा में लगातार संबंधित जिला प्रशासन, प्रबंधन तथा जेआरडीए के साथ मिलकर आगे बढ़ रही है। जरूरतमंदो के हित में काम कर रही है। इससे पुर्व बेलगड़िया में विस्थापितों से संवाद में कोयला मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री भूमिगत आग प्रभावितों की सुरक्षा के लिए चिंतित हैं।

हर महीने पुनर्वास योजना की समीक्षा करते हैं और प्रभावित परिवारों का हाल चाल लेते हैं। समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री सवाल करते हैं कि कितने घर बने, कितने लोग बसाए गए, क्या क्या सुविधाएं दी जा रही हैं। प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रधानमंत्री तक चिंतित हैं। प्रधानमंत्री के निर्देश पर ही लगातार बेलगड़िया की स्थिति का जायजा लेने दिल्ली से कोई न कोई आ रहा है।

मौके पर धनबाद सासंद ढुल्लू महतो, झरिया विधायक रागिनी सिंह, धनबाद विधायक राज सिन्हा, कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम, बीसीसीएल के सीएमडी एम. के. अग्रवाल, जिला उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार आदि मौजुद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *