Advertisement

चास के पुपुनकी में अवैध बालू खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर जब्त

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जिले में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इसके तहत जिला के हद में चास के पुपुनकी से अवैध बालू ढुलाई कर रहे तीन ट्रैक्टर को जब्त किया गया है।

बताया जाता है कि चास के अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढ़ांडा की अध्यक्षता में चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पुपुनकी दामोदर नदी के समीप छापामारी अभियान चलाया गया। छापामारी अभियान के दौरान पुपुनकी घाट दामोदर नदी तट पर अवैध रूप से बालू खनिज का उत्खनन कर ट्रैक्टरों में लोड करते तीन ट्रैक्टरों को रंगे हाथ पकड़ा गया। इसके साथ ही पुपुनकी के समीप परती (खाली) जमीन पर अवैध रूप से भंडारित बालू भी बरामद किया गया।

प्रशासन द्वारा तीनों ट्रैक्टरों एवं अवैध रूप से भंडारित बालू को विधिवत जब्त कर चास मुफ्फसिल थाना के सुपुर्द कर दिया है। इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ सहित थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर चास सदर, थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर चास मुफस्सील, जिला खनन निरीक्षक सीताराम टुडू, खनन निरीक्षक अजय कुमार महतो सहित पुलिस बल शामिल थे। इस अवसर पर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोयला अथवा बालू के अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *