एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में फुसरो कथारा मुख्य मार्ग पर राम विलास उच्च विद्यालय के समीप एक अक्टूबर की रात्रि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को बेरमो के प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार ने स्वयं अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक जिला के हद में गोमिया मोड़ रहिवासी राजेश सिन्हा का पुत्र राहुल सिन्हा बताया जा रहा है।
बताया जाता है कि चलंत दण्डाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त बेरमो के प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार दुर्गा पूजा पंडाल के निरीक्षण के दौरान राम विलास+2 विद्यालय के समीप एक अक्टूबर की रात्रि लगभग नौ बजे गुजर रहे थे। इस दौरान दोपहिया वाहन चलाने के क्रम में गोमिया मोड़ रहिवासी राहुल सिन्हा असंतुलित होकर अपनी ही बाइक से दुर्घटनाग्रस्त हो गए। संयोगवश दुर्घटना के तुरंत बाद बीडीओ की वाहन वहां पहुंची।
मौके पर बीडीओ मुकेश कुमार बेरमो स्वयं अपने वाहन चालक की सहायता से वाहन से सीसीएल के केंद्रीय अस्पताल ढोरी में तत्काल भर्ती कराया एवं बेरमो पुलिस को सूचना देते हुए उनके परिजनों को भी जानकारी दी गयी। प्रत्यक्षदर्शीयों के अनुसार दुर्घटना के समय बारिश हो रही थी, जिस कारण युवक मोड़ के समीप सड़क फिसलन होने के कारण दुर्घटना का शिकार हो गया होगा।
![]()













Leave a Reply