रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के पंचौरा स्थित सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था बरवा हरि कला-संस्कृति मंच की ओर से 24 जनवरी को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर रहिवासी पत्रकार एवं लेखक दीपक सवाल को सम्मानित किया गया।
जैनामोड़ में आयोजित एक सादे समारोह में मंच के प्रतिनिधि अशोक पारस एवं कामेश गोस्वामी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर अशोक पारस और कामेश गोस्वामी ने कहा कि आज पंचौरा का बरवाघाट केवल बोकारो जिला ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी एक प्रमुख रमणीक और दर्शनीय स्थल के रूप में पहचान बना चुका है। हर वर्ष बड़ी संख्या में सैलानी यहां भ्रमण एवं बाबा बरवाहरि के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।
कहा गया कि बरवाघाट को यह पहचान दिलाने में पत्रकार दीपक सवाल की भूमिका उल्लेखनीय रही है, क्योंकि सबसे पहले उन्होंने ही इस स्थल को मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से सामने लाने का कार्य किया। यह प्रयास इसके प्रचार-प्रसार में मील का पत्थर साबित हुआ। मंच और पंचौरा गांव इसके लिए सदैव उनके प्रति आभारी रहेगा।
सम्मान प्राप्त करने के बाद पत्रकार ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि एक पत्रकार के रूप में यह संतोष की बात है कि उनके लेखन से किसी स्थल के विकास और पहचान को नई दिशा मिली। कार्यक्रम में रामसेवक जायसवाल, पंकज कुमार जायसवाल, अशोक कुमार सिंह, राजेश कुमार राय, गौतम सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply