Advertisement

बग़ोदर के प्रवासी मजदूर की गुजरात में मौत, परिवार में मातम

प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। झारखंड के प्रवासी मजदूरों के मौत का सिलसिला जारी है। इस क्रम में गिरिडीह जिला के हद में बगोदर प्रखंड के मजदूर की गुजरात के राजकोट मोरबी जिला के हद में माल्या थाना कसग में मौत होने की खबर है। उसकी मौत बीते 18 जनवरी को हो गयी। यह सूचना मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया।

बताया जाता है कि गिरिडीह जिला के हद में बगोदर थाना क्षेत्र के अडवारा पंचायत के बरवाडीह जमुआरी रहिवासी गिरधारी महतो के 19 वर्षीय पुत्र गोपाल कुमार की बीते 18 जनवरी को गुजरात में मौत हो गयी। मौत की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मृतक गोपाल गुजरात में पोकलेन हेल्पर के रूप में काम करता था।

इस घटना पर प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने संवेदना प्रकट की है। उन्‍होंने कहा कि झारखंड के नौजवानों के मौत के मुंह में समा जाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई प्रवासी मजदूरों की मौत हो चुकी है। रोजी-रोटी की तलाश में परदेस गये प्रवासी झारखंडी मजदूरों की मौत का सिलसिला जारी है।

हर रोज झारखंड के किसी न किसी इलाके के प्रवासी मजदूर की दूसरे राज्यों या विदेश में मौत की खबरें आ रही है। अली के अनुसार प्रवासी मजदूरों की सबसे ज्यादा तादाद झारखंड के गिरिडीह, हजारीबाग और बोकारो जिले से है। ऐसे में सरकार को रोजगार की ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि मजदूरों के पलायन को रोका जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *