हीरो राजन के नेतृत्व में बफ्टा कलाकार दिल्ली में 26 जनवरी को ग्रैंड परेड में लेंगे भाग

युधिष्ठिर महतो/धनबाद (झारखंड)। गणतंत्र दिवस के खास मौके पर कर्तव्य पथ दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए बफ्टा मुंगेर (बिहार फ़िल्म एंड टेलीविजन आर्टिस्ट एसोसिएशन ट्रस्ट) बिहार के 26 कलाकारों का चयन किया गया हैं। वे गणतंत्र दिवस के ग्रैंड परेड में भाग लेंगे।

बफ्टा के संस्थापक और अध्यक्ष हीरो राजन कुमार इस बात को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्हें पिछले दस साल से राष्ट्रीय झांकी का अहम कलाकार होने का गौरव प्राप्त है।तभी से मुंगेर बफ्टा कलाकारों के साथ तैयारियों में लग गए थे और सभी कलाकारों का अपने अनुभवों के माध्यम से मार्गदर्शन कर रहे थे।

हीरो राजन के दस साल की कड़ी मेहनत ने मुंगेर के कई कलाकारों को दिल्ली की झांकी में अपना हुनर दिखाने का मौका दिला दिया। इन 26 कलाकारों में महिलाओं की संख्या अधिक है। वे सब भी इस परेड का हिस्सा बनने को लेकर काफी उत्साहित हैं। उनके चुनाव से बफ्टा के युवा और युवतियों में एक नई उर्जा दिख रही है।

गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर परेड मार्च का हिस्सा बनने की उपलब्धि पर सभी कलाकार, उनके माता-पिता, घरवाले स्वयं को प्रफुल्लित व् गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। गौरतलब है कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। गणतंत्र दिवस पर होने वाले इस विशेष प्रोग्राम के लिए हीरो राजन और उनकी टीम ने जोर शोर से तैयारी शुरू कर दी है।

अभिनेता, निर्माता, निर्देशक राजन कुमार ने 8 जनवरी को बताया कि केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से झांकियों का प्रारूप मंगवाया था। कई चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद सिर्फ 15 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की झांकी का राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रदर्शन के लिए चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि हम सब खुश और उत्साहित हैं कि बफ्टा मुंगेर के 26 कलाकार इस बार कर्तव्य पथ पर ग्रैंड परेड में भाग लेंगे। यह हम सभी के लिए गौरवपूर्ण क्षण होगा।

बता दें कि दिल्ली में आगामी 19 जनवरी तक सभी चयनित राज्यों की झांकी को तैयार कर लिया जाएगा और परिधान के साथ आगामी 23 जनवरी को उनका रिहर्सल होगा। इसके बाद 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर झांकियों को पेश किया जाएगा। हीरो राजन कुमार इन 26 कलाकारों का नेतृत्व करेंगे। वे अभी से तमाम आर्टिस्ट्स को इस महान परेड के संदर्भ में जानकारी प्राप्त करवा रहे हैं। एक साथ बफ्टा मुंगेर से कलाकार का चयन फ़क्र की बात है।

 110 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *