एचसीपी डिजाईन प्लानिंग एंड मैनेजमेंट का मुख्य परामर्शी के रुप में चयन को स्वीकृति
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में 4 फरवरी को संपन्न बिहार कैबिनेट की बैठक में सारण जिला को विकास का तोहफा दिया गया है। मंत्रिमंडल ने सारण जिला से संबंधित महत्वपूर्ण परियोजना के लिए अपनी स्वीकृति दी है। सारण में प्रगति यात्रा के समय मुख्यमंत्री ने कई विकासात्मक घोषणाएं की थी।
पर्यटन विभाग के अंतर्गत काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मुख्य परामर्शी (Principal Consultant) के रूप में एचसीपी डिजाईन प्लानिंग एंड मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड अहमदाबाद का मनोनयन के आधार पर चयन की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही इस कार्य के लिए होने वाले व्यय के वहन की स्वीकृति भी दी गई है।
विदित हो कि बिहार सरकार के मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा ने बीते 3 फरवरी को बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विजिटर बुक में लिखा भी था, कि यह पावन स्थल (क्षेत्र) जन आस्था का प्रमुख स्थल है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि बाबा हरिहरनाथ क्षेत्र का विकास काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तरह हो।
इसी तरह प्रगति यात्रा के दौरान की गई मुख्यमंत्री की घोषणा के आलोक में जल संसाधन विभाग द्वारा सारण जिला के हद में सारण तटबंध के किमी 40 से किमी 80 के बीच चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं तटबंध शीर्ष पर कालीकृत सड़क निर्माण कार्य के लिए प्राक्कलित राशि ₹ 23984.571 लाख (दो सौ उनचालीस करोड़ चौरासी लाख संतावन हजार एक सौ मात्र) की प्रशासनिक एवं व्यय की स्वीकृति दी गई है।
बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में सारण जिला मुख्यालय स्तरीय पदाधिकारियों व कर्मियों के (टाईप-A, B, C, D & E) आवास निर्माण के लिए कुल ₹32,06,29,000/-(बत्तीस करोड़ छः लाख उनतीस हजार रूपये) के तकनीकी अनुमोदित प्राक्कलन पर प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
प्रगति यात्रा के क्रम में पथ प्रमंडल छपरा के एकमा डुमाईगढ़ पथ (कुल लंबाई-11.75 किमी) का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए कुल राशि ₹4166.29 लाख (इकतालिस करोड़ छियासठ लाख उन्तीस हजार) के अनुमानित व्यय पर प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। प्रगति यात्रा के क्रम में पथ प्रमंडल छपरा के एकमा-मशरख पथ के किमी शून्य से 31.60 किमी के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए कुल राशि ₹9362.22 लाख (तिरानवे करोड़ बासठ लाख बाईस हजार) के अनुमानित व्यय पर प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
ऐतिहासिक निर्णय-प्रदेश भाजपा प्रवक्ता उपेन्द्र सिंह
बिहार भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उपेन्द्र सिंह ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र सोनपुर के समग्र विकास के लिए काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का डिज़ाइन करने वाली कम्पनी एच. सी. पी. डिजाईन प्लानिंग एंड मैनेजमेंट अहमदाबाद को मुख्य परामर्शी (Principal Consultant) के रूप में मनोनयन के आधार पर चयन एवं इस कार्य के लिए होने वाले व्यय के वहन की स्वीकृति के लिए बिहार कैबिनेट के फैसले के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा का आभार व अभिनंदन किया है।
37 total views, 37 views today