Advertisement

विश्व जनसंख्या दिवस पर के बी कॉलेज में जागरूकता कार्यशाला

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई को बोकारो जिला के हद में जारंगडीह स्थित के बी कॉलेज में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

आयोजित जागरूकता कार्यशाला कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं आई क्यू ए सी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन प्रभारी प्राचार्य प्रो. गोपाल प्रजापति की अध्यक्षता में विधिवत् दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य प्रो. प्रजापति ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस वैश्विक जनसंख्या वृद्धि से जुड़ी चुनौतियों और परिणामों के बारे में आमजनों को जागरूक करने और शिक्षित करने के लिए प्रतिवर्ष 11 जुलाई को मनाया जाता है।

यह जनसंख्या वृद्धि के समाधान और पृथ्वी पर सभी के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की याद दिलाता है। आई क्यू ए सी कोऑर्डिनेटर डॉ अरुण कुमार रॉय महतो ने कहा कि जागरूकता कार्यशाला का उद्देश्य जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूकता फैलाना, परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की जानकारी देना व समाज को छोटे परिवार सुखी परिवार की अवधारणा से जोड़ना है। कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस मनाने का उद्वेश्य जनसंख्या वृद्धि के प्रभावों से निपटने के लिए समझ को बढ़ावा देना और सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।

एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर कुमार ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या देश की उन्नति में बाधा है। हमें यह सुनिश्चित करना ही होगा कि हमारे आने वाली पीढ़ियां भी उन विशेषाधिकारों और संसाधनों का आनंद लें सकें, जिसे हम अभी उपयोग कर रहे हैं। प्रो. संजय कुमार दास, रविंद्र कुमार दास एवं सदन राम ने कहा कि समाज में बढ़ती जनसंख्या के प्रति जागरूकता फैलाना एवं उन्हें परिवार नियोजन, लैंगिक समानता और प्रजनन स्वास्थ्य को लेकर जागरूक करना है।

मौके पर एन एस एस स्वयं सेवकों ने शपथ लिया कि जनसंख्या वृद्धि से जुड़ी समस्याओं से गोद लिए गांव और समाज को अवगत कराएंगे। भाषण के माध्यम से जनसंख्या वृद्धि के दुष्परिणाम पर पुष्पा कुमारी, जागृति कुमारी, शिव शंभु कुमार भारती, मिलन कुमार गुप्ता आदि ने अपने वक्तव्य रखे। मंच संचालन प्रोग्राम ऑफिसर डॉ प्रभाकर कुमार, धन्यवाद ज्ञापन आई क्यू ए सी कोऑर्डिनेटर डॉ अरुण कुमार रॉय महतो ने किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *