Advertisement

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना पर जागरूकता बैठक का आयोजन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बहादुरपुर स्थित सहयोगिनी संस्था सभागार में 24 जून को रांची महिला सुरक्षा समिति की ओर से मुख्यमंत्री कन्यादान योजना को लेकर जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बोकारो जिले के अलग अलग प्रखंड क्षेत्र के लगभग डेढ़ दर्जन संस्थाओं के प्रतिनिधि समेत पंचायत प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर संस्था की अनिमा बा एवं सहयोगिनी संस्था की सचिव कल्याणी सागर मुख्य रूप से उपस्थित थीं। इस दौरान उपस्थित गणमान्य जनों को संबोधित करते हुए रांची महिला सुरक्षा समिति के निदेशक विशाल रघुवंशी ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना गरीबी रेखा से नीचे गुजर बसर करनेवाले परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए शुरू की गई एक सरकारी योजना है। इस योजना के तहत, सरकार गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह पर 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करती है, जो सीधे बेटी के बैंक खाते में जमा की जाती है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह को रोकना और बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना इस योजना का उद्देश्य है।

इस दौरान बैठक में इस योजना के तहत आवेदन करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि योजना के तहत आवेदन करने के लिए, परिवार का नाम अंत्योदय या किसी भी तरह के राशन कार्ड धारकों की सूची में होना चाहिए। इसके लिए विवाह निबंधन प्रमाण-पत्र एवं कन्या का आधार कार्ड जरूरी है। उन्होंने बताया कि विधवा होने के बाद अगर पुनर्विवाह का मामला हो तो राज्य सरकार लाभुक को प्रोत्साहन के रूप में दो लाख की आर्थिक मदद करती है। बशर्ते वह राज्य सरकार की किसी योजना का लाभुक न हो।

साथ ही मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में वर और वधू की न्यूनतम कानूनी आयु विवाह योग्य होनी चाहिए। लड़की की आयु 18 वर्ष से अधिक तथा लड़के की आयु 21 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। आवेदक के परिवार का कोई भी सदस्य किसी भी राज्य या केन्द्र सरकार की सेवा में कार्यरत नहीं होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि अनाथ लड़कियां जो बीपीएल श्रेणी से संबंधित नहीं हैं, वे भी इस योजना के पात्र हैं और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
इस दौरान बैठक में उपस्थित प्रतिभागियों के बीच समूह चर्चा एवं प्रस्तुति की गयी। मौके पर सहयोगिनी निदेशक गौतम सागर, टीका प्रसाद, मकस के प्रधान सनपढ़क श्याम कुंवर भारती, पर्यावरणवीद गुलाब चंद्र, बासुदेव शर्मा, मुखिया चंद्रशेखर नायक, विजय कुमार, अनवरी बानो, आरती जायसवाल, कुमारी किरण, प्रकाश कुमार, सोनी कुमारी, रवि कुमार राय, संगीता देवी, नीतू कुमारी, मंजू देवी, सुरजमनी देवी, अनिल हेंब्रम, अनिल हेंब्रम, विनीता देवी व अन्य मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *