Advertisement

कम्युनिटी आउटरिच प्रोग्राम के तहत स्कूलों में जागरुकता अभियान

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। बोकारो के पुलिस अधीक्षक अरबिंदर सिंह के निर्देश पर स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया गया।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार 11 जुलाई को बोकारो जिला के हद में गोमिया के कई थाना क्षेत्रों में कम्युनिटी आउटरिच प्रोग्राम के तहत स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार एवं पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार ने +2 उच्च विद्यालय गोमिया में विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड, महिला अपराध, नशामुक्ति एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि किसी भी साइबर फ्रॉड की घटना होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। वहीं महिला संबंधित अपराध की सूचना हेतु डायल 112 का उपयोग करें। नशापान, महिला उत्पीड़न, डायन प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा उनसे लड़ने के लिए वैधानिक प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर अत्यधिक बारिश के दौरान जल भराव, सर्प दंश और आकाशीय बिजली से बचाव के उपाय भी बताए गये। पुलिस पब्लिक के बीच मधुर संबंध बनाने की बात कही गयी, साथ ही छात्रों को ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई और उल्लंघन करने पर लगने वाले फाइन की जानकारी भी साझा की गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *