Advertisement

निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध मानव श्रृंखला बनाकर जागरूकता अभियान

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देशानुसार निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान के तहत 22 जून को चास नगर निगम क्षेत्र में मानव श्रृंखला बनाकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार इस अभियान में महिला स्वयं सहायता समूह की लगभग 70 से 80 महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिला के हद में चास स्थित हनुमान मंदिर से जोद्धाडीह मोड़ तक महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर हाथों में मादक पदार्थों के खिलाफ संदेश लिखी तख्तियां थामीं और मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने की शपथ ली।

इस दौरान महिलाओं ने स्वयं एवं अपने परिवार को मादक पदार्थों से दूर रखने का संकल्प लिया और आम जनों को भी इस दिशा में जागरूक करने का प्रण लिया। कार्यक्रम में नगर प्रबंधक, नगर मिशन प्रबंधक, सीआरपी, सेविका व् सहायिका दीदी, पीआईयू एवं चास नगर निगम के अन्य पदाधिकारी व कर्मी भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया। उक्त जागरूकता कार्यक्रम चास नगर निगम की ओर से मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *