Advertisement

मानवाधिकार दिवस पर धनबाद मंडल कारा में जागरूकता शिविर का आयोजन

प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर 10 दिसंबर को मंडल कारा धनबाद में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के निर्देश पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में अवर न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव मयंक तुषार टोपनो, एलएडीसीएस चीफ कुमार विमलेन्दु, डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट, सहायक कन्हैयालाल ठाकुर, डालसा सहायक सौरभ सरकार, जेलर दिनेश वर्मा, आधिकार मित्र राजेश सिंह आदि उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि उक्त शिविर का उद्देश्य बंदियों को उनके मौलिक अधिकारों, विधिक सहायता, निःशुल्क कानूनी सेवाओं तथा सर्वोच्च न्यायालय के दिशा निर्देशों की जानकारी देना था।

इस अवसर पर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनो ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को चाहे वह कारा में ही क्यों न हो, संविधान द्वारा प्रदत्त मानवाधिकार और सम्मान का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने बंदियों को संविधान के अनुच्छेद 21, त्वरित न्याय, निःशुल्क विधिक सहायता तथा हिरासत में गरिमापूर्ण व्यवहार से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही जेल में चल रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं यथा कानूनी सहायता, स्वास्थ्य सेवा, लोक अदालत, पैरवी, सहायता एवं परामर्श सेवाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

शिविर में एलएडीसीएस धनबाद की टीम ने बंदियों की समस्याएँ सुनीं और समाधान हेतु आवश्यक पहल का आश्वासन दिया। शिविर के अंत में सभी बंदियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और विधिक सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *