सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में वेलडन फ्यूचर एकेडमी बड़ाजामदा में बीते 12 मार्च को ई-श्रम और प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन (पीएमएसवाईएम) योजना को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सीएमओ सेंट्रल हॉस्पिटल बड़ाजामदा डॉ बिनोद कुमार तथा प्रशासक, श्रम कल्याण संगठन बड़ाजामदा उदय शंकर कुमार के नेतृत्व में किया गया।
शिविर में बड़ाजामदा क्षेत्र के कर्मचारियों तथा स्थानीय रहिवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उपस्थित जनों को ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के लाभ, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को भविष्य में पेंशन सहित कई सामाजिक सुरक्षा लाभ मिल सकता है। कार्यक्रम के दौरान इच्छुक रहिवासियों का नामांकन स्थानीय सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) की सहायता से कराया गया। शिविर में उपस्थित रहिवासियों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पंजीकरण के प्रति रुचि दिखाई। आयोजकों ने कहा कि ऐसे जागरूकता शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में मिलने वाले लाभों को प्राप्त कर सके।
![]()













Leave a Reply