Advertisement

नवचेतना के तहत स्कूल-कॉलेजों में सीसीएल द्वारा नशे के खिलाफ जागरूकता

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखण्ड)। झारखंड की राजधानी रांची के स्कूलों तथा कॉलेजों के विद्यार्थियों में नशे के खिलाफ सीसीएल और स्थानीय एक अखबार की संयुक्त पहल नवचेतना के तहत रथ से जागरूकता चलाया जा रहा है।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत स्थानीय एक दैनिक अखबार के साथ संयुक्त रूप से चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान नवचेतना के माध्यम से शहर के स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थियों में नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता फैलाई जा रही है। इस अभियान का शुभारंभ बीते 11 मार्च को सीसीएल मुख्यालय रांची में किया गया।
बताया गया कि उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान नवचेतना रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए विशेष रूप से स्कूलों एवं कॉलेजों के सामने पहुँचकर नशा मुक्ति का संदेश दे रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

बताया गया कि उक्त अभियान के तहत झारखंड की राजधानी रांची के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस क्रम में बीते 16 से 18 मार्च तक तीन दिनों के दौरान जिन संस्थानों में नवचेतना रथ पहुँचा, उनमें प्रमुख रूप से रांची वीमेंस कॉलेज, बीआईटी मेसरा (लालपुर एक्सटेंशन), सेंट जेवियर्स कॉलेज, सेंट एलॉयसियस, उर्सुलाइन इंटर कॉलेज, सेंट ऐन्स गर्ल्स हाई स्कूल एंड कॉलेज, एक्सआईएसएस, कार्मेल स्कूल, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, बिशप्स स्कूल, डॉन बॉस्को स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल (बरियातू), केंद्रीय विद्यालय, डोरंडा कॉलेज, दिल्ली पब्लिक स्कूल सहित अन्य कई स्कूल एवं कॉलेज शामिल है। उक्त शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, उसके दुष्परिणामों से बचाव के उपाय एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

बताया गया कि उक्त अभियान के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं, जिनमें से नो टू ड्रग्स थीम पर आधारित ड्राइंग प्रतियोगिता, पंपलेट वितरण एवं डिजिटल माध्यम (ईमेल/क्यूआर/व्हाट्सएप) से प्रविष्टियाँ आमंत्रित, चयनित 10 प्रतिभागियों को ₹5,000 की नकद पुरस्कार राशि, नशा मुक्ति एवं रोकथाम पर विशेषज्ञों के साथ पॉडकास्ट व् मार्गदर्शन, स्थानीय आरजे एवं इन्फ्लुएंसर के माध्यम से जागरूकता प्रसार, मीडिया एवं रेडियो के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार करना शामिल है।
ज्ञात हो कि सीसीएल प्रबंधन की यह संयुक्त पहल समाज, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रखने तथा एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *