एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र के स्वांग वाशरी क्लिनिंग कार्य से बैठाये गये आवार्डी मजदूरों द्वारा 5 दिसंबर को झारखंड की राजधानी रांची के सीसीएल मुख्यालय दरभंगा हाउस के समक्ष भूख हड़ताल आंदोलन शुरु की जायेगी। इसे लेकर कथारा क्षेत्रीय प्रबंधन द्वारा 4 दिसंबर को आवार्डी मजदूरों को वार्ता के लिए बुलाया गया था, जो विफल रहा।
उक्त जानकारी झामुमो नेता सह झकोमयू कथारा क्षेत्रीय संयुक्त सचिव मुमताज आलम ने 4 दिसंबर को अपने स्वांग स्थित आवासीय कार्यालय के समीप आयोजित प्रेस वार्ता में कही। प्रेस वार्ता में आलम ने बताया कि सीसीएल प्रबंधन लगातार आवार्डी मजदूरों को छलने का काम करती रही है, जबकि आवार्डी मजदूरों द्वारा नियोजन की मांग को लेकर अबतक कई बार आंदोलन किया गया है।
बताया कि बीते 17 सितंबर को आवार्डी मजदूरों द्वारा कथारा महाप्रबंधक कार्यालय के समीप अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल किया गया था। जिसमें 20 सितंबर को उपायुक्त बोकारो के निर्देश पर बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार द्वारा प्रबंधन से वार्ता कर आवार्डी मजदूरों का भूख हड़ताल आंदोलन समाप्त कराया गया था। जिसमें प्रबंधन द्वारा जल्द हीं विधिक सहायता लेकर आवार्डी मजदूरों के सत्यापन के बाद नियोजन देने का लिखित आश्वासन दिया गया था। बावजूद इसके प्रबंधन अपने वादों से अबतक पिछड़ती रही है।
आलम ने बताया कि प्रबंधन के लगातार टालमटोल नीति को लेकर 17 अक्टूबर को राज्य के पेयजल स्वच्छता सह मद्द निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में तथा बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा की उपस्थिति में तेनुघाट स्थित सिचाई विभाग के अतिथि गृह में बैठक की गयी थी। बैठक के बाद उपायुक्त झा द्वारा आवार्डी मजदूरों को कहा गया था कि वे सीसीएल प्रबंधन के रवैये से भलीभांति परिचित है।
उन्होंने प्रबंधन को 15 नवंबर तक बुटकी बाई के नेतृत्व में प्राप्त आवेदन पर चिन्हितिकरण करते हुए प्राथमिकता के आधार पर प्रबंधन को आवार्डी मजदूरों कल नियोजन देने का निर्देश दिया था। लेकिन अबतक प्रबंधन द्वारा इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं किया गया। आलम के अनुसार बीते 28 नवंबर को आवार्डी मजदूरों द्वारा जब सीसीएल मुख्यालय पत्र देकर 5 दिसंबर को भूख हड़ताल आंदोलन करने की घोषणा की गयी, इसके बाद मुख्यालय रांची के निर्देश पर क्षेत्रीय प्रबंधक मानव संसाधन माधुरी मडके द्वारा 4 दिसंबर को आवार्डी मजदूरों को वार्ता के लिए बुलाया गया।

आवार्डी मजदूर बुटकी बाई ने प्रेस वार्ता में बताया कि सीसीएल प्रबंधन एकबार फिर उनके आंदोलन को स्थगित करने तथा विधिक सहायता में विलंब होने की बात कही है। इसे लेकर वे सभी वार्ता छोड़कर निकल गये। आवार्डी मजदूर डिवीजन सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रबंधन एकबार फिर वार्ता के नाम पर उन्हें बरगलाने का काम कर रही है, जो अब संभव नहीं है। जबतक सीसीएल प्रबंधन उन्हें नियोजन नहीं देती है तबतक वे सभी सीसीएल मुख्यालय रांची पर भूख हड़ताल करेंगे। मौके पर उपरोक्त के अलावा दुर्योधन भुइया, कार्तिक भुइयां, सुखबारा बाई, चंदन भुइयां, नीलकंठ धोबी, ठाकुर प्रजापति, कुंदन भुइयां सहित दर्जनों आवार्डी मजदूर उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply