अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण प्रमंडल के हद में गोपालगंज जिले के सभी छ: विधानसभा क्षेत्रों में 6 नवंबर को मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। जिले में कुल औसत मतदान प्रतिशत 65.85 रहा।
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन के प्रथम चरण निर्वाचन समाप्ति के उपरांत गोपालगंज के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर उपरोक्त जानकारी दी। बताया कि जिला प्रशासन एवं निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान कार्य शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया गया।
जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की सक्रिय उपस्थिति देखी गयी। विधानसभा बार सुरक्षा की दृष्टि से सायं 5 बजे तक प्राप्त मतदान प्रतिशत विधानसभा क्षेत्र बैकुण्ठपुर में 67.98 प्रतिशत, विधानसभा क्षेत्र बरौली में 66.46 प्रतिशत, विधानसभा क्षेत्र गोपालगंज में 63.38 प्रतिशत, विधानसभा क्षेत्र कुचायकोट में 65.53 प्रतिशत, विधानसभा क्षेत्र भोरे में 61.05 प्रतिशत और विधानसभा क्षेत्र हथुआ में 65.80 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया है। कहा गया कि इसमें तीन प्रतिशत बढ़ने की संभावना है।
बताया गया कि मतदान प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं पुलिस प्रशासन द्वारा की गई। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, व्हीलचेयर सुविधा तथा दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील का यह प्रतिफल निकला कि लोकतंत्र के महापर्व के अंतिम घंटे में भी बढ़-चढ़कर मतदाताओं ने शांति व अनुशासन के साथ मतदान किया है।
![]()













Leave a Reply