Advertisement

डीएवी कथारा के प्राचार्य बने झारखंड जोन आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में पदस्थापित प्राचार्य डॉ जी.एन. खान को झारखंड जोन आई का क्षेत्रीय सहायक पदाधिकारी बनाया गया हैं।

जानकारी के अनुसार डीएवी काॅलेज प्रबंधकीय समिति नई दिल्ली द्वारा बीते 7 जुलाई को जारी आदेश में डॉ खान को झारखंड जोन आई का सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अंतर्गत इन्हें सात डीएवी विद्यालयों के प्रशासनिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक प्रगति का जिम्मा दिया गया है। इन विद्यालयों में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा, डीएवी स्वांग, डीएवी ढोरी, डीएवी भंडारीदह, डीएवी दुग्दा, डीएवी ललपनिया एवं डीएवी तेनुघाट शामिल हैं।एआरओ डॉ खान को इन विद्यालयों का शैक्षणिक वातावरण सुधारने के साथ-साथ विकास का भी जिम्मा सौंपा गया है।

ज्ञात हो कि डीएवी कथारा के प्राचार्य डॉ खान डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के क्लस्टर हेड भी बनाए गए हैं, जिसमें 10 विद्यालय शामिल हैं। जिसमें डीएवी कथारा, डीएवी स्वांग, डीएवी ललपनिया, डीएवी तेनुघाट, डीएवी ढोरी, डीएवी भंडारीदह, डीएवी दुग्धा, डीएवी आरा (कुजू), डीएवी चैनपुर एवं डीएवी घाटोटांड़ शामिल है। इसके साथ ही प्राचार्य को डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन सहोदया स्कूल परिसर बोकारो का महासचिव भी नियुक्त किया गया है जिसमें बोकारो के सीबीएसई के 52 स्कूल शामिल हैं। यह समिति सीबीएसई के सभी स्कूलों के शैक्षणिक कार्यक्रमों, परीक्षाओं, मूल्यांकन एवं अन्य कार्यों का निर्वहन करती है।

डीएवी कथारा के प्राचार्य डॉ खान को झारखंड जोन आई का एआरओ बनाये जाने के बाद डीएवी कथारा के 8 जुलाई की प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने पुष्प गुच्छ देकर प्राचार्य का अभिनंदन किया। पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है कि एक बार पुन: डीएवी कथारा के प्राचार्य को एआरओ के रूप में प्रतिष्ठित किया गया है। इससे पुर्व यहां के पुर्व प्राचार्य बिपिन राय भी एआरओ बनाये गये थे।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ खान ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी यह पदोन्नति समस्त विद्यालय परिवार को समर्पित है। डीएवी सीएमसी नई दिल्ली के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे सीएमसी द्वारा दी गई जिम्मेदारियों और विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए कृत संकल्पित रहेंगे। प्राचार्य ने कहा कि सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी के रूप में उपरोक्त सातों विद्यालयों की प्रगति में वे अपना शत प्रतिशत योगदान देंगे और यह प्रयास रहेगा कि ये सभी विद्यालय राष्ट्र पटल पर अपना नाम अंकित करें। प्राचार्य ने सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार, सीसीएल प्रबंधन, सभी अभिभावकों, शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को साधुवाद दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *