Advertisement

विधानसभा याचिका समिति का बोकारो दौरा, 18 याचिकाओं पर सुनवाई

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड विधानसभा की याचिका समिति ने 11 अक्टूबर को बोकारो जिले का दौरा किया। इस दौरान समिति के सदस्य उदय शंकर सिंह, नागेंद्र महतो, निर्मल महतो तथा ममता देवी उपस्थित रहे। समिति की बैठक बोकारो परिसदन सभागार में आयोजित की गई, जिसमें जिले के वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक के दौरान याचिका समिति द्वारा क्रमवार विभिन्न याचिकाओं की जानकारी ली गई। समिति ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों एवं लंबित याचिकाओं का शीघ्र और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करें। बताया जाता है कि इस अवसर पर समिति द्वारा कुल 18 याचिकाओं पर सुनवाई की गई। इनमें बैंक और वन विभाग समेत अन्य जुड़े मामलों का निष्पादन समिति द्वारा किया गया। वहीं, सीसीएल, डीवीसी समेत अन्य कंपनियों से संबंधित मामलों में समिति को संतोषजनक जवाब नहीं प्राप्त हुआ।

बताया जाता है कि इस पर समिति ने इन कंपनियों के सक्षम पदाधिकारियों को विधानसभा कार्यालय में संपूर्ण दस्तावेज सहित उपस्थित होने का निर्देश दिया गया। समिति सदस्यों ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया गया।

समिति द्वारा प्राप्त विभिन्न याचिकाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। संबंधित विभागीय पदाधिकारियों से प्रत्येक याचिका की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। समिति ने कई मामलों में तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया, ताकि याचिकाकर्ताओं को शीघ्र राहत मिल सके।

बैठक में समिति ने जिले में संचालित विकास कार्यों, योजनाओं एवं सरकारी कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की। सदस्यों ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक रहिवासियों तक पहुंचाया जाए। कहा गया कि विधानसभा की याचिका समिति का मुख्य उद्देश्य जनता की शिकायतों का समाधान करना और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करना है। समिति ने पदाधिकारियों को कहा कि याचिकाओं पर अनावश्यक विलंब की स्थिति में जिम्मेदार पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।

बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर मेनका, वन पदाधिकारी संदीप शिंदे, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मारूति मिंज, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा पियूष, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खलखो, जिला भू अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल चौबे, जिला कृषि पदाधिकारी मो. साहीद, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, डीडीएमओ शक्ति कुमार, नोडल पदाधिकारी मनरेगा पंकज दूबे व् विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *