विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। फ्री बिजली योजना पुनः बहाल करने की मांग को लेकर आगामी 25 अगस्त को गोमिया प्रखंड बंद की तैयारी की जा रही है। इसे लेकर 17 अगस्त को नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया।
नुक्कड़ सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासियों ने शिरकत की। जानकारी के अनुसार बोकारो जिला में बंद कर दिए गए फ्री बिजली योजना को पुनः चालू करने, बिजली बिल में सुधार करने, जर्जर तार पोल को रिप्लेस करने एवं जनता दरबार की तरह प्रत्येक महीना के 2 दिन बिजली उपभोक्ता दरबार आयोजित करने की मांग को लेकर भाकपा राजद जन अभियान द्वारा आगामी 25 अगस्त को आयोजित एक दिवसीय गोमिया प्रखंड बंद की तैयारी के क्रम में प्रखंड के हद में 17 अगस्त को दनिया रेलवे स्टेशन के निकट नुक्कड़ सभा आयोजित किया गया।
आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जन अभियान के संयोजक इफ्तिखार महमूद ने बिजली वितरण निगम तेनुघाट प्रमंडल के अधिकारियों की मनमानी एवं उपभोक्ताओं को परेशान करने वाली कार्य संस्कृति की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली योजना के लाभ से गरीब रहिवासियों को वंचित नहीं होने दिया जाएगा।
महमूद ने कहा कि गोमिया प्रखंड के हद में डाका साडम, तिलैया, होंनहेंग, दनिया इत्यादि के ग्रामीण उपभोक्ता जो सामान्यतः सौ यूनिट बिजली भी उपयोग नहीं करते हैं, किंतु इन उपभोक्ताओं को भी प्रतिमाह 200 यूनिट से अधिक का बिजली बिल दिया जाना महाजनी- सुदखोरी जुल्म की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि मेन लाइन का तार हर जगह झूल रहा है, किंतु बिजली अधिकारियों को बार-बार की शिकायत के बाद भी रिप्लेसमेंट का काम नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने बिजली उपभोक्ताओं से आगामी 25 अगस्त को बंद के समर्थन में सड़क पर उतरने का आह्वान किया।
मौके पर दसई रविदास, बंधन महतो, अनवर रफी, देवानंद प्रजापति, राजेश करमाली, गणेश रजवार, सुनील हेंब्रम, विनोद रजवार, मोबिन अंसारी, मुर्तजा अंसारी, सुनीता देवी, रंजीत जयसवाल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
![]()












Leave a Reply