कार्यालय संवाददाता/मुंबई। घाटकोपर पश्चिम में स्थित हिंदी विद्या प्रचार समिति द्वारा संचालित रामनिरंजन झुनझुनवाला कला, विज्ञान एवं वाणिज्य महाविद्यालय (सशक्त स्वायत्त दर्जा) में शैक्षणिक वर्ष 2024-2025 के लिए वार्षिक शैक्षणिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन साबू हॉल सभागार में किया गया। इस समारोह में पद्मश्री प्रो. (डॉ.) गणपति यादव (नेशनल साइंस चेयर, साइंस एंड इंजीनियरिंग रिसर्च बोर्ड, भारत सरकार) इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में हिंदी विद्या प्रचार समिति के माननीय अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंह ने अपनी उपस्थिति से इस समारोह की शोभा बढ़ाई। महाविद्यालय के उप-प्राचार्य मेजर प्रवीण नायक, डॉ. किरण कोलवणकर एवं कनिष्ठ महाविद्यालय के उपप्राचार्य डॉ. यतीन्द्र राणे और कनिष्ठ महाविद्यालय की पर्यवेक्षक श्रीमती बलजीत कौर ने अपनी उपस्थिति से इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया। मुख्य अतिथि का परिचय IQAC समन्वयक डॉ. भूषण आरेकर ने दिया।
रामनिरंजन झुनझुनवाला कला, विज्ञान एवं वाणिज्य महाविद्यालय (सशक्त स्वायत्त दर्जा) के प्राचार्य डॉ. हिमांशु दावड़ा ने गणमान्य अतिथियों, शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का हार्दिक स्वागत किया। हिंदी विद्या प्रचार समिति की निदेशिका डॉ. उषा मुकुंदन ने अपने वक्तव्य में कहा कि सफलता के लिए ईमानदारी और कड़ी मेहनत अनिवार्य तत्व हैं। मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रो. (डॉ.) गणपति यादव ने वर्ष 2024-25 के बारहवीं, स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कक्षा के बाहर, शिक्षकों की भूमिका की ओर ध्यान आकर्षित किया और व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को व्यस्त रखने के लिए शिक्षण की संवादात्मक शैली की सराहना की तथा महिलाओं के लिए निःशुल्क शिक्षा की भी इच्छा व्यक्त की। देश-विदेश में अपनी विशेष पहचान बनाने वाले कॉलेज के पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिनमें डॉ. मेनका गव्हाणे, देवेन्द्र पिंपुतकर, हेमन्त यादव, सुश्री वरुण मिश्रा, एडवोकेट निशिगंधा कदम, सुश्री विभूति सावंत, सुश्री नेहा चतुर्वेदी, एडवोकेट कुणाल दशरथ पाटिल, सुबोध महादेव पोरब, भरतेश शाह, सुश्री बिजल राठौड़ शामिल थे।
इसके बाद प्राध्यापक डॉ. दीपा सुधीर, श्रीमती कुमुद तिवारी, संजय विस्पुते, श्रीमती लतिका भानुशाली और श्रीमती सुनीता नायर एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों में श्रीमती वर्षा देसाई, श्रीमती वर्षा साटम, श्रीमती बकुल बागवे, विजय शिम्पी, श्रीमती नीता सिंह, संजय कुमार सिंह, प्रफुल्ल शेलार और सुनील सुतार को आर.जे. महाविद्यालय में पच्चीस वर्षों की समर्पित सेवा के लिए सम्मानित किया गया।उप-प्राचार्य कैप्टन प्रवीण नाइक ने महाविद्यालय के प्रत्येक सदस्य के योगदान पर प्रकाश डालते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्राध्यापिका डॉ. लक्ष्मी देसीती और वैष्णवी नायर ने प्रभावी ढंग से किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Tegs: #annual-academic-award-distribution-ceremony-at-rj-college
![]()













Leave a Reply