प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में भंडारीदह स्थित चंद्रपुरा–फुसरो मुख्य मार्ग पर एक जुलाई को दर्दनाक सड़क हादसे में तुरियो रहिवासी 42 वर्षीय महेंद्र महतो की मौत हो गई।
घटना भंडारीदह स्थित गणेश पेट्रोल पंप के पास की है, जहां एक अज्ञात वाहन ने महेंद्र को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महेंद्र महतो पैदल ही भंडारीदह की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद वह सड़क किनारे जा गिरे और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण रहिवासी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर चंद्रपुरा–फुसरो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
ग्रामीण पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग पर अड़े हैं। सूचना मिलते ही चंद्रपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क जाम हटाने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस द्वारा वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, गांव में मातम का माहौल है।
![]()













Leave a Reply