Advertisement

गोविंदपुर एफ पंचायत में आंगनबाड़ी सेविका चयन में गड़बड़ी को ले ग्रामीणों में आक्रोश

चयन प्रक्रिया रद्द नहीं तो पंचायत प्रतिनिधि देंगे इस्तीफा, करेंगे चरणबद्ध आंदोलन

राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड के गोविंदपुर एफ पंचायत भवन में 13 दिसंबर को ग्रामीणों द्वारा आम सभा की गयी। अध्यक्षता उक्त पंचायत की मुखिया कविता कुमारी ने की।

बताया जाता है कि ग्रामीणों की आमसभा में गोविंदपुर एफ पंचायत में हो रहे सेविका चयन में गड़बड़ी को ले आपत्ति दर्ज कर ग्रामीणों का हस्ताक्षर युक्त आवेदन बेरमो के प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया गया। जिसमें पोषक क्षेत्र से बाहर की महिला का आंगनबाड़ी में चयन का विरोध किया गया एवं गड़बड़ी के खिलाफ नारेबाजी की गयी।

बैठक में उपस्थित जिला परिषद सदस्य शहजादी बानो, मुखिया कविता कुमारी एवं पंचायत समिति सदस्य बेबी रजक ने कहा कि गोविंदपुर एफ पंचायत के वार्ड 5 एवं 2 सिक्स यूनिट टीसी कॉलोनी गोविंदपुर एफ पंचायत में है। जहां के आंगनवाड़ी केंद्र में सेविका का चयन किया जा रहा है, जिसमें एफ पंचायत के बजाय गोविंदपुर डी पंचायत पोषक क्षेत्र की महिला का जबरन एफ पंचायत के आंगनबाड़ी केंद की सेविका पद में चयन किया जा रहा है। जिस महिला का चयन किया जा रहा है उस महिला का दो नजदीकी रिश्तेदार पहले से दूसरे पंचायत के आंगनवाड़ी केंद्र में पदस्थापित है।

कहा गया कि चयन प्रक्रिया रद्द कर एफ पंचायत की कोई महिला का चयन आंगनबाड़ी सेविका में नहीं किया गया तो पंचायत के सभी प्रतिनिधि सामूहिक इस्तीफा देंगे। साथ ही इस भ्रष्टाचार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन करने की भी घोषणा की गयी। इस अवसर पर पंचायत सेवक दीपक लोहरा सहित उप मुखिया शिवनाथ प्रसाद, वार्ड सदस्य लक्षण गुप्ता, राधा देवी, सुधा गिरि, प्रिया देवी, बिरसा रजक व् दर्जनों महिला- पुरुष ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *