जिलाधिकारी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समन्वय बैठक
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में 20 जनवरी को जिला मुख्यालय समाहरणालय सभा कक्ष में साप्ताहिक समन्वय बैठक आहुत की गई। बैठक में सभी पदाधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित पांच प्रमुख कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित करने को कहा गया।
समन्वय बैठक में बताया गया कि जिला में नामित सभी 75 नीलाम पत्र पदाधिकारियों, उनके पेशकार एवं कंप्यूटर ऑपरेटर को एक दिवसीय प्रशिक्षण 21 जनवरी को प्रेक्षागृह में दिया जायेगा।
बैठक में कार्य संस्कृति के संदर्भ में सभी कार्यालयों में स्वच्छता के लिए निर्धारित एसओपी का पालन करने को कहा गया। आमजनों से मुलाकात के लिए सभी कार्यालय में अनिवार्य रूप से निश्चित तिथि एवं समय का निर्धारण कर इसे कार्यालय के बाहर प्रदर्शित करने को कहा गया। इसके बाद भी आवश्यकतानुसार आमजनों से मुलाकात की व्यवस्था सुनिश्चित रखने को कहा गया।
साप्ताहिक समन्वय बैठक में जिले के सभी अनुमंडल व प्रखंडों में बॉयोमेट्रिक अटेंडेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा इसकी नियमित मोनिटरिंग करने को कहा गया। साथ ही,15 वर्षों से पुराने सभी सरकारी वाहनों का रद्दीकरण करते हुए इसकी नीलामी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। सभी पेट्रोल पंप पर जन सुविधाओं की उपलब्धता एवं इसकी साफ सफाई का औचक निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश सभी पदाधिकारियों को दिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा न्यायालय से संबंधित मामलों में सभी संबंधित पदाधिकारियों को ससमय तथ्य विवरणी दायर करने का निर्देश दिया गया। वहीं विभिन्न विभागों से प्राप्त महत्त्वपूर्ण दिशा – निर्देशों का ससमय अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश सभी सम्बंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
बैठक में नगर आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी आदि जुड़े थे।
126 total views, 1 views today