बोकारो थर्मल में जल्द बनेगा 800 मेगावाट का नया पावर प्लांट
राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। दामोदर घाटी निगम के बोकारो जिला में स्थित बोकारो थर्मल और चंद्रपुरा के विस्थापितों की समस्याओ के समाधान को लेकर डीवीसी चेयरमैन एस. सुरेश कुमार से 25 जून को आजसू प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की।
गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि सह आजसू नेता दीपक महतो के नेतृत्व में कोलकाता मुख्यालय में चेयरमैन से मुलाकात कर गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया। इस सम्बन्ध में आजसू प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि डीवीसी चेयरमैन ने आश्वासन दिया है कि बोकारो थर्मल एवं चंद्रपुरा के विस्थापितों की समस्या के समाधान के लिए प्रबंधन हमेशा तैयार है।
साथ ही साथ चंद्रपुरा और बोकारो थर्मल में सीएसआर के माध्यम से क्षेत्र का विकास करना डीवीसी प्रबंधन की प्राथमिकता है। कहा कि गिरिडीह सांसद के प्रयास से बोकारो थर्मल में 800 मेगावाट एवं चंद्रपुरा में दोनों जगहों पर डीवीसी बहुत जल्द नए प्लांट की आधारशिला रखने जा रही है, जिसका शिलान्यास स्वयं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। कहा गया कि विस्थापित पुनर्वास क्षेत्र में विस्थापितों को जमीन का मालिकाना हक भी बहुत जल्द मिलेगा। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में आजसू नेता दीपक महतो, जितेंद्र यादव, कमलेश महतो, मिथलेश कुमार आदि शामिल थे।
![]()













Leave a Reply