जुल्म, दमन, उत्पीड़न रोकने को महिलाओं को संगठित करेगी ऐपवा-बंदना सिंह
एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समानता, लोकतंत्र एवं नारी मुक्ति की आवाज बुलंद करने को ऐपवा ने सदस्यता अभियान शुरू किया है।
ऐपवा समस्तीपुर जिलाध्यक्ष बंदना सिंह के नेतृत्व में 16 जून को जिला के हद में ताजपुर प्रखंड के मुर्गियाचक में महिला संगठन ऐपवा (अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन) का सदस्यता अभियान शुरू किया गया। मौके पर जैतून निशा, नीलम देवी, अनीता देवी, रजनी देवी, सिया देवी, सुखिया खातुन, रधिया देवी समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने ऐपवा की सदस्यता ग्रहण की।
इस दौरान सदस्यता बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष बंदना सिंह ने कहा कि ऐपवा अपने स्थापना काल से बराबरी, लोकतंत्र और नारी मुक्ति के प्रश्नों को लेकर लगातार संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि आज भी महिलाओं को दोयम दर्जा का नागरिक समझा जाता है।
खेत- खलिहान से लेकर कल- कारखाने तक पुरुषों की तुलना में महिलाओं को कम मजदूरी दी जाती है। उन्होंने कहा कि महिला हितैषी योजनाओं में भयंकर लूट, मनमानी एवं भ्रष्टाचार व्यापत है। थाना, प्रखंड, अंचल में महिलाओं की समस्या को कोई सुनने वाला नहीं है।
महिला नेत्री सिंह ने कहा कि एक ओर महिलाएं सामंती एवं प्रशासनिक शोषण का शिकार हो रही है तो दूसरी ओर सामाजिक एवं सरकारी कुव्यवस्था की मार झेल रही है। ऐसी स्थिति में ऐपवा बड़ी संख्या में महिलाओं को सदस्य बनाकर संगठन को गांव, टोला, मुहल्ला स्तर पर खड़ा कर संघर्ष तेज करेगी।
150 total views, 1 views today