रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दुर्गापुर पंचायत स्थित कुरको आंगनवाड़ी केंद्र में 18 जनवरी को सहयोगिनी संस्था के तत्वावधान में किशोरियों और युवा महिलाओं के लिए एक दिवसीय कानूनी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य घरेलू हिंसा, पोक्सो एक्ट और बाल अपराधों के विरुद्ध ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन के रूप में बेरमो कोर्ट की अधिवक्ता शारदा देवी ने किशोरियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए कानूनों की जानकारी होना अनिवार्य है। उन्होंने पोक्सो एक्ट की विस्तृत व्याख्या करते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अश्लील हरकत, गंदे चित्र दिखाना या यौन उत्पीड़न संगीन अपराध है।
इसके साथ ही उन्होंने जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और महिला हिंसा से जुड़े कानूनों पर चर्चा करते हुए बताया कि संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और शोषण के विरुद्ध मौलिक अधिकार प्रदान करता है। प्रशिक्षण के दौरान बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों पर कड़ा प्रहार किया गया। अधिवक्ता ने चिंता जताते हुए कहा कि बोकारो जिले में बाल विवाह की दर 26 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने चेतावनी दी कि बाल विवाह कराना या उसमें सहयोग करना कानूनन अपराध है, जिसमें जेल की सजा का प्रावधान है। वहीं घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 के तहत महिलाओं को उनके घर के भीतर मिलने वाले सुरक्षा अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया।
सहयोगिनी संस्था के समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने बताया कि संस्था कसमार प्रखंड के 30 गांवों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने किशोरियों को सावित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
सहयोगिनी की एनिमेटर बिनीता देवी ने बताया कि दुर्गापुर पंचायत में समूह स्तर पर किशोरियों को प्रशिक्षित कर उन्हें हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए तैयार किया जा रहा है।
मौके पर लाडली खातून, रोज़ी प्रवीण, रूही प्रवीण, डोली खातून, रेशमा खातून, सम्मा प्रवीण, फूल कुमारी, सुधा कुमारी, नाजमीन नाज, खुशबू खातून, अफसाना बीबी, रोशन आरा, अनीता देवी सहित ग्रामीण महिलाएं और किशोरियां उपस्थित रही।
![]()













Leave a Reply