एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। सांस्कृतिक रुप से आदवासी जमीनी विवाद जैसे संवेदनशील मुद्दों को सुलझाने के लिए पुलिस प्रशासन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके अपनाए।
उपरोक्त बाते 3 जून को आदिवासी मूलवासी जनाधिकार मंच के केंद्रीय उपाध्यक्ष विजय शंकर नायक ने झारखंड के लापुंग में पुलिस-आदिवासी समाज के बीच झड़प पर प्रतिक्रिया मे कही।
उन्होंने इस घटना पर गहरा दु:ख और चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड की राजधानी रांची के लापुंग थाना क्षेत्र में 3 जून को ग्रामसभा के दौरान जमीन विवाद को लेकर पुलिस और आदिवासी समुदाय के बीच हुई हिंसक झड़प की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। इस घटना में थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव सहित कई पुलिसकर्मियों और आदिवासी समुदाय को गंभीर चोटें आई हैं। वे इस हिंसक घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
नायक ने आदिवासीयो के संस्कृतिक रुप से जुड़े जमीन विवाद जैसे संवेदनशील मुद्दों को सुलझाने के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके अपनाने पर बल दिया। साथ हीं कहा कि यह अत्यंत खेदजनक है कि स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस और स्थानीय समुदाय के बीच टकराव की नौबत आ गयी। कहा कि मंच का मानना है कि आदिवासी समुदाय के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए संवाद और सहमति ही एकमात्र रास्ता है। पुलिस प्रशासन को चाहिए कि वह ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ काम करे।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि घटित घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच की जाए, ताकि दोषियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई हो। साथ हीं घायल आदिवासी समुदाय तथा पुलिसकर्मियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा और सहायता प्रदान की जाए। कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थानीय समुदाय और प्रशासन के बीच विश्वास बहाली हेतु प्रभावी संवाद स्थापित किया जाए। जमीन विवादों के समाधान के लिए एक स्थायी और पारदर्शी तंत्र विकसित किया जाए, जिसमें आदिवासी समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित हो।
नायक ने कहा कि वे रांची जिला प्रशासन और झारखंड सरकार से अपील करते हैं कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कदम उठाएं और क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखें। कहा कि स्थानीय नागरिकों से भी शांति और संयम बरतने की अपील करते हैं, ताकि सामाजिक एकता और भाईचारा कायम रहे।
![]()













Leave a Reply