Advertisement

बोकारो में नगर पालिका (आम) निर्वाचन को लेकर प्रशासन अलर्ट

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। नगर पालिका (आम) निर्वाचन के मद्देनजर बोकारो जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने 22 फरवरी को बोकारो के सेक्टर बारह स्थित पुलिस लाइन में पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की।

बैठक के दौरान संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने, गश्ती दलों की सक्रियता बढ़ाने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एसपी सिंह ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहते हुए निष्पक्ष वातावरण में मतदान संपन्न कराने का निर्देश दिया, वहीं डीसी झा ने मतदान कर्मियों एवं सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। ज्ञात हो कि बोकारो जिला प्रशासन ने नगर निगम चास एवं नगर परिषद फुसरो के मतदाताओं से अपील की है कि वे 23 फरवरी को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। प्रशासन हर कदम आमजनों के साथ है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *