Advertisement

सबलपुर में कटाव का एडीएम ने बाढ़ नियंत्रण टीम के साथ किया स्थल निरीक्षण

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर अंचल के सबलपुर दियारा पछियारी टोला में गंगा नदी से हो रहे कटाव से पूरे दियारे में हड़कंप मचा है। ग्रामीणों की सूचना पर इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सारण के सांसद व् पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की पहल पर एडीएम सारण ने बाढ़ नियंत्रण अधिकारियों की टीम के साथ 7 सितंबर को कटाव स्थल का मुआयना किया। एडीएम ने पदाधिकारियों को कटाव निरोधक कार्य के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार सारण लोकसभा क्षेत्र के सोनपुर प्रखंड अंतर्गत सबलपुर में हो रहे कटाव की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों ने सांसद संपर्क केंद्र को दी थी। इस सूचना के प्राप्त होते ही सांसद रूडी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सारण के जिलाधिकारी से संपर्क स्थापित किया। सांसद के निर्देश के उपरांत प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई की। एडीएम सारण, बाढ़ नियंत्रण विभाग के कार्यकारी अभियंता रामबाबू कुमार, सोनपुर अनुमंडल पदाधिकारी तथा सोनपुर थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे।

इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से भाजपा नेता राकेश सिंह, राजीव मुनमुन, विनोद सिंह सम्राट, सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत के मुखिया दिनेश राय, पश्चिमी पंचायत के मुखिया विकास राय, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, अविनाश शर्मा तथा स्थानीय ग्रामीण रहिवासी सम्मिलित रहे।
सांसद रूडी ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि कटाव की समस्या पर तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा तथा आजीविका प्रभावित न हो।

विधायक ने की डीएम से कटाव से विस्थापित परिवारों को पुनर्वास की मांग

सोनपुर प्रखंड के सबलपुर पश्चिमी पंचायत में पुनः भीषण कटाव से दर्जनों घर कटने की सूचना मिलने पर सोनपुर विधायक डॉ रामानुज प्रसाद ने जिला पदाधिकारी सारण से बात कर कटाव से जिनका घर कटकर नदी में विलीन हो गया है उन विस्थापित परिवारों के लिए पुनर्वास की व्यवस्था कराने एवं तत्काल उन्हें रहने एवं भोजन के लिए समुदायिक किचन की व्यवस्था करने के लिए कहा। जिला पदाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय प्रशासन को आदेश दिया है कि जिनका घर कटकर नदी में विलीन हो गया है उनके रहने एवं खाने-पीने की व्यवस्था के लिए समुदायिक किचन तत्काल शुरू कराया जाए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *