Advertisement

आईओक्यूएम में चिन्मय विद्यालय के आदर्श सिंह बने झारखंड टॉपर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राष्ट्रीय स्तर की गणितीय परीक्षा आईओक्यूएम (इंडियन ओलंपियाड क्वालीफायर इन मैथमेटिक्स) में चिन्मय विद्यालय बोकारो के आदर्श सिंह ने झारखंड में टॉप कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। इसे लेकर विद्यालय प्रबंधन की ओर से 29 अक्टूबर को आदर्श सिंह को सम्मानित किया गया।

ज्ञात हो कि उक्त परीक्षा में विद्यालय के कुल 11 विद्यार्थी सफल हुए हैं, जिन्होंने आरएमओ (रीजनल मैथेमेटिकल ओलंपियाड) के लिए क्वालीफाई किया है। यह परीक्षा 16 नवंबर को आयोजित की जाएगी। विद्यालय प्रबंधन कमेटी के सचिव महेश त्रिपाठी, प्राचार्य सूरज शर्मा और उप प्राचार्य नरमेंद्र कुमार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि आदर्श ने 100 में से 79 अंक प्राप्त कर झारखंड में प्रथम स्थान हासिल किया है, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है। आदर्श ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि उन्हें गणित से बचपन से ही विशेष लगाव रहा है। आगे वे गणित में ही करियर बनाना चाहते हैं। उनका सपना विदेश जाकर गणित विषय में पीएचडी करने का है।

आदर्श ने बताया कि उनके पिता प्रमोद कुमार बैंक में कार्यरत हैं और माता मुन्नी कुमारी गृहिणी हैं। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि आदर्श की उपलब्धि न केवल चिन्मय विद्यालय बल्कि पूरे बोकारो जिले के लिए गर्व की बात है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *