Advertisement

खनुआ नाला अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रहेगी जारी-डीएम

टास्क फ्लो ऐप को लांच किया गया

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिला पदाधिकारी (डीएम) अमन समीर की अध्यक्षता में 4 सितंबर को जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित किया गया। समाहरणालय सभागार में संपन्न बैठक में निर्णय लिया गया कि खनुआ नाले पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।

इस मौके पर सभागार में जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, अनुमंडल स्तरीय, प्रखंड एवं अंचल स्तरीय पदाधिकारीगण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े थे। बैठक में सर्वप्रथम उच्च न्यायालय पटना में लंबित मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखकर प्रति शपथ दायर करने का निर्देश देते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि इसमें थोड़ी भी शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सभी विभागों के कार्यालय प्रधान को अपने-अपने कार्यालय के लिपिक एवं प्रधान लिपिक द्वारा संधारित लॉग बुक का नियमित रूप से जांच करने का निर्देश दिया गया।समय से संचिकाओं को प्रस्तुत नहीं करने वाले सहायकों पर कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
विभिन्न कार्यालय से संबद्ध महत्वपूर्ण गतिविधियों की समीक्षा बैठक में की गई।

बैठक में डीएम द्वारा जिला लोक शिकायत निवारण में दायर परिवाद, उच्च न्यायालय में सीडब्ल्यूजेसी एवं एमजेसी से संबंधित चल रहे मामलों, मानवाधिकार आदि से संबंधित मामलों पर विस्तृत समीक्षा की गई। सभी संबंधित विभागों के कार्यालय प्रधान को प्राथमिकता के आधार पर प्रति शपथ हाईकोर्ट में दायर करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि सभी शाखा के वरीय पदाधिकारी अपने संबंधित शाखा में लॉग बुक के संधारण पर पूरा ध्यान देंगे। जिससे आदेश पत्रों का ससमय अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। जिलाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समय से निष्पादन करना सुनिश्चित करें।

बैठक में डीएम समीर ने स्पष्ट रूप से कहा कि साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का परिणाम नजर आना चाहिए। लंबित मामलों को हर हाल में शून्य करें। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को कार्य संस्कृति का माहौल बनाने के क्रम में सभी महत्वपूर्ण पंजियो को नियम के अनुसार नियमित रूप से अद्यतन करते रहने को निर्देशित किया। जाति आधारित जनगणना कार्य को हर हाल में 5 सितंबर तक समाप्त करने का सख्त निर्देश जिला पदाधिकारी द्वारा दिया गया।

खनुआ नाले पर बने अतिक्रमण को आगे भी हटाने का कार्य जारी रखने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी सदर को दिया गया।अतिक्रमण करने वालों को माइकिंग के जरिए सूचित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में एक नवनिर्मित ऐप जिसका नाम टास्क फ्लो एप है को डीएम द्वारा लांच किया गया। कहा गया कि इस ऐप के जरिए जिला के सभी पदाधिकारी को दिए गए दायित्वों की मॉनिटरिंग आसानी से की जा सकेगी।

बैठक में अपर समाहर्ता सारण मो. मुमताज आलम, सहायक समाहर्ता श्रेयाश्री, अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर, अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं सभी जिला स्तरीय पदाधिकारीगण के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अनुमंडल पदाधिकारी मढ़ौरा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *