Advertisement

अवैध खनन व् परिवहन पर कार्रवाई हो प्रभावी और दिखने लायक-उपायुक्त

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। पुलिस अधीक्षक कार्यालय बोकारो के सभागार में 3 जुलाई को जिला खनन टास्क फोर्स (डीएमटीएफ) की बैठक आयोजित की गयी। अध्यक्षता बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में उपायुक्त ने अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की। जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि पिछली बैठक के बाद से 31 वाहन जब्त, 12 प्राथमिकी दर्ज और 2.76 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया है।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अवैध खनन-परिवहन में संलिप्त ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों पर सख्त कार्रवाई, प्राथमिकी दर्ज और जुर्माना वसूला जाए। अंचलाधिकारी व थाना प्रभारी समन्वय के साथ क्षेत्र में सतत निगरानी रखें। उपायुक्त ने कहा कि केवल कार्रवाई नहीं, कार्रवाई दिखनी भी चाहिए। आम जनता को भरोसा हो कि प्रशासन जागरूक और सख्त है। उन्होंने एसडीओ और एसडीपीओ को इसकी मानीटरिंग के निर्देश भी दिए। उन्होंने पुल-पुलियों के पिलरों के नीचे हो रहे अवैध खनन को मानवता के खिलाफ अपराध बताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। खनन कार्यों के लिए स्टॉक यार्ड हेतु भूमि चिन्हित करने और उसका प्रतिवेदन शीघ्र देने को कहा गया।

उपायुक्त ने कहा कि यह कार्रवाई केवल खनन विभाग की नहीं, बल्कि सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने शून्य सहनशीलता (जीरो टॉलरेंस) की नीति पर जोर देते हुए चेताया कि यदि कोई अधिकारी लापरवाही करता है तो उस पर जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में बालू घाटों की स्थिति, लघु खनिज अनुज्ञप्तियाँ, बंद कोल खदानों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, ई-चालान अनुपालन और पर्यावरण मुआवजा जैसे विषयों पर भी चर्चा की गयी। बैठक में अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, चास एसडीओ प्रांजल ढांडा, डीटीओ वंदना शेजवलकर, डीएमओ रवि कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारी और कोल कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *