प्रहरी संवाददाता/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में बड़ाजामदा थाना क्षेत्र के प्लॉट साई बस्ती में बीते 29 जनवरी की रात एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। अधूरे मकान की छत पर सो रहे 25 वर्षीय रवि सांडिल उर्फ चंडी की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई।
उक्त घटना की सूचना मिलने पर बड़ाजामदा पुलिस 30 जनवरी की देर शाम मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर थाना ले गई। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर और चाकू जब्त किया है। मृतक के पिता दुला सांडिल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए 31 जनवरी को पुलिस ने बिंदु जोजो सामंत नामक युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई।
बताया जाता है कि पुलिस द्वारा पूछताछ के क्रम में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद हत्या करने वाले बिंदु जोजो को पुलिस गिरफ्तार कर चाईबासा जेल भेज दिया है।
मृतक के पिता दुला सांडिल ने बताया कि 29 जनवरी को किसी बात को लेकर उनके बेटे रवि सांडिल और उसके दोस्त बिंदु जोजो के बीच झगड़ा हुआ था। इस दौरान दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी, जिसमें बिंदु जोजो ने पत्थर से कूचकर हत्या करने की धमकी दी थी। आसपास मौजूद रहिवासियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था। उन्होंने आशंका जताई कि उसी रंजिश में उनके बेटे की हत्या की गई है।
इस संदर्भ में ओपी प्रभारी वालेश्वर उरांव ने बताया कि उक्त मामले मे 30 जनवरी को बड़ाजामदा थाना में कांड क्रमांक-05/26 धारा -103(1) बीएनएस के नामजद प्राथमिकी के तहत थाना क्षेत्र के प्लॉटसाई रहिवासी जोसफ जोजो के अभियुक्त पुत्र बीस वर्षीय बिंदु जोजो को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय मे उपस्थापन हेतु भेजा जा रहा है।
![]()













Leave a Reply