Advertisement

आप टीम द्वारा नव प्राथमिक विद्यालय बरवाडीह का निरीक्षण

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। राष्ट्रव्यापी शिक्षा बचाओ अभियान के तहत 4 अगस्त को आम आदमी पार्टी बोकारो की एक टीम ने नव प्राथमिक विद्यालय बरवाडीह का निरीक्षण किया। टीम में आप नेता कुमार राकेश, अरविंद विकाश और शादाबुद्दीन शेख शामिल थे।

आप टीम द्वारा निरिक्षण के क्रम में विद्यालय में ताला जड़ा हुआ था। भवन कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुका है। स्कूल के आस-पास झाड़ियाँ उग आई हैं। सांप-बिच्छू अक्सर नजर आते हैं। आप टीम के अनुसार विद्यालय के बरामदे में गाय-बकरियों ने आसरा बना रखा है। ग्रामीणों से पता चला है कि यह विद्यालय गत सात वर्षों से बंद है।

आप टीम द्वारा बताया गया कि निरिक्षण के दौरान देखते-देखते विद्यालय के समीप कई छोटे बच्चे और ग्रामीण इकट्ठा हो गये। ग्रामीण बताते हैं कि यह प्राथमिक विद्यालय करीब बारह वर्ष पूर्व बना था। चार-पांच साल चला। गांव और पास के गांव के करीब सौ बच्चे प्रथम कक्षा से पांचवी कक्षा तक पढ़ रहे थे। अचानक झारखंड सरकार के आदेश से इस विद्यालय को बंद कर दिया गया। अब सभी बच्चे करीब तीन किलोमीटर दूर पास के गांव गुड़गुड़ी में पढ़ने जाते हैं।

उपस्थित कई छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि उन्हें पैदल काफी दूर जाना पड़ता है। यदि यह विद्यालय खुल जाता तो उनकी परेशानी कम हो जाती। सभी नौनिहालों ने एक स्वर में झारखंड के मुख्यमंत्री से यथाशीघ्र विद्यालय खुलवाने का निवेदन किया है।

विद्यालय की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे आप के वरीय नेता कुमार राकेश ने कहा कि वर्ष 2018 में झारखंड की तात्कालीन भाजपा सरकार ने झारखंड के करीब पौने चार सौ विद्यालय बंद कर दिये थे। चास अंचल का यह विद्यालय उसी का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने कई बार बंद विद्यालयों को खोलने की घोषणा की है, लेकिन उसे अबतक अमल नहीं किया गया है। सरकार को इस ओर पहल करने की जरूरत है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *