Advertisement

आप टीम ने पश्चिम बंगाल सीमा से सटे कुसुम टिकरी विद्यालय का किया निरीक्षण

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। राष्ट्रव्यापी शिक्षा बचाओ अभियान के तहत 6 अगस्त को आम आदमी पार्टी बोकारो की टीम ने पश्चिम बंगाल सीमा से सटे नव प्राथमिक विद्यालय कुसुम टिकरी का निरीक्षण किया। टीम में आप नेता कुमार राकेश, अरविंद विकाश और शादाबुद्दीन शेख शामिल थे।

आप टीम के अनुसार यह विद्यालय पिछले सात वर्षों से बंद है। विद्यालय की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे आप के वरीय नेता कुमार राकेश ने कहा कि वर्ष 2018 में झारखंड की तात्कालीन भाजपा की रघुवर सरकार ने झारखंड के लगभग पौने चार सौ विद्यालय बंद कर दिये थे। चास अंचल का यह विद्यालय भी उसी का उदाहरण है।

बताया गया कि उक्त विद्यालय भवन कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुका है। स्कूल के आस-पास झाड़ियाँ उग आई हैं। सांप-बिच्छुओं ने बसेरा बना रखा है। ग्रामीण रहिवासी बताते हैं कि गांव में अधिकांश आदिवासी और अनुसूचित जाति की आबादी है। यहां गांव के लगभग सौ बच्चे प्रथम कक्षा से पांचवी कक्षा तक पढ़ रहे थे। अचानक झारखंड सरकार के आदेश से विद्यालय बंद कर दिया गया। अब सभी बच्चे करीब दो से तीन किलोमीटर दूर पास के विक्रमडीह या राधानगर गांव में पढ़ने जाते हैं। वहीं हाई स्कूल के छात्र-छात्रा लगभग 15 किलोमीटर दूर सतनपुर हाई स्कूल पढ़ने जाते हैं।

आसपास के दर्जनों छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि उन्हें पैदल काफी दूर जाना पड़ता है। यदि यह विद्यालय खुल जाता तो उनकी परेशानी कम हो जाती। सभी नौनिहालों ने एक स्वर में झारखंड के मुख्यमंत्री से यथाशीघ्र विद्यालय खुलवाने का निवेदन किया है। आप नेताओं के अनुसार झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने कई बार राज्य के बंद विद्यालयों को खोलने की घोषणा की है, लेकिन इसे अबतक अमलीजामा नहीं पहनाया गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *