निर्वाचक सूची प्रेक्षक-सह-प्रमंडलीय आयुक्त ने ईआरओ व एईआरओ के साथ की बैठक
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला में वर्तमान मे कुल 2892764 मतदाता हैं। जिसमें 1526896 पुरुष, 1365853 महिला व 15 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले में अबतक कुल 118447 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिनमें लगभग 85 प्रतिशत मतदाताओं के सत्यापन से संबंधित दस्तावेज अपलोड किये जा चुके हैं। शेष 15 प्रतिशत मतदाताओं के दस्तावेज को प्राप्त करने एवं अपलोड करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
प्रमंडल निर्वाचक सूची प्रेक्षक-सह-आयुक्त राजीव रौशन ने 23 सितंबर को जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय सभागार में सभी ईआरओ व एईआरओ के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें उपरोक्त जानकारी दी गई।
प्रमंडल निर्वाचक सूची प्रेक्षक-सह-आयुक्त ने अब तक प्राप्त कुल फॉर्म और उनके निष्पादन का जायजा लिया। इस क्रम में चयनित मतदान केंद्र के चिन्हित निर्वाचकों के आवेदन की सुपर चेकिंग की। उन्होंने प्राप्त फॉर्म, जारी नोटिस, तामीला आदि को देखते हुए जरूरी निर्देश दिया। आयुक्त ने इस दौरान निर्देश दिया कि एक भी फॉर्म-6 रिजेक्ट करने या फॉर्म-7 को स्वीकृत करने की स्थिति में नोटिस और स्पष्ट आदेश अवश्य संधारित करें। सभी अभिलेखों को सुरक्षित रखें।

उन्होंने एसआईआर के अवधि के आवेदन और दावा-आपत्ति का निष्पादन अनिवार्य रूप से करने का निर्देश देते हुए पूर्व और बाद के अवधि में प्राप्त होने वाले दावा/आपत्ति का निष्पादन टाइम लाईन के अंदर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनावी वर्ष है, इसलिए निर्वाचक सूची को गंभीरता से लें। सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने स्तर से राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें इसकी जानकारी अवश्य दें कि किस अवधि तक के आवेदनों kob निर्वाचक सूची में शामिल किया जा रहा है। उसके बाद के आवेदन अगली अर्हता तिथि में ही जोड़े या विलोपित किए जा सकते हैं। उन्होंने रिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी का विवरण उपलब्ध कराने को कहा।
पूर्व में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सारण अमन समीर ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन एवं अबतक प्राप्त दावा-आपत्ति के बारे में विस्तृत रूप से पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी। बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के पश्चात दावा-आपत्ति निराकरण की प्रकिया सतत जारी है। बैठक में उप विकास आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनिल कुमार राय, उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवीन्द्र कुमार आदि उपस्थित थे।
प्रमंडलीय आयुक्त ने किया बूथ का स्थलीय निरीक्षण
सारण के प्रमंडलीय आयुक्त राजीव कुमार रौशन ने इस अवसर पर छपरा विधानसभा के सदर प्रखंड अवस्थित नेवाजी टोला के पंचायत भवन, मठिया मोड़ पंचायत भवन और नेवाजी टोला बूथ का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी नीतेश कुमार, बीडीओ विनोद आनंद, बीएलओ व सुपरवाइजर आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply