शिक्षक प्रयाग महतो 23 वर्षों की निष्ठावान सेवा के बाद सेवानिवृत्त
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के पीएमश्री+2 उच्च विद्यालय हरनाद में बीते 31 जनवरी को सहायक शिक्षक प्रयाग महतो के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों, शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सेवानिवृत शिक्षक को भावभीनी विदाई दी। विद्यालय परिवार की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षक को शॉल ओढ़ाकर, पुष्प गुच्छ एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने उनके दीर्घ, अनुशासित एवं प्रेरणादायक शिक्षण जीवन को याद किया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका उपासना पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक प्रयाग महतो ने अपने सेवा काल में विद्यालय को केवल पढ़ाने का स्थान नहीं, बल्कि संस्कार निर्माण का केंद्र बनाया। उनकी कार्यशैली में अनुशासन, समर्पण और विद्यार्थियों के प्रति अपनापन स्पष्ट रूप से दिखाई देता था। वे समय पालन, शैक्षणिक गुणवत्ता और नैतिक मूल्यों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहे। कहा कि उनके सेवानिवृत्त होने से विद्यालय को निश्चित रूप से कमी महसूस होगी, लेकिन उनके द्वारा स्थापित शिक्षण परंपरा आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनी रहेंगी।
शिक्षक नंद किशोर नायक ने कहा कि प्रयाग महतो केवल विषय के शिक्षक नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मार्गदर्शक रहे है। उन्होंने लगभग 23 वर्षों तक ईमानदारी, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा के साथ शिक्षा सेवा दी। उनकी सादगी, स्पष्ट सोच और सहयोगात्मक व्यवहार हम सभी सहकर्मियों के लिए प्रेरणा रहा है। ऐसे शिक्षक संस्थान की रीढ़ होते हैं।
सेवानिवृत्त शिक्षक प्रयाग महतो ने भावुक होकर अपने सम्मान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह विद्यालय उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है। यहां बिताया गया हर दिन उनके लिए सीख और अनुभव से भरा रहा है। विद्यार्थियों का स्नेह और सहकर्मियों का सहयोग उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। कहा कि मैं सदैव इस विद्यालय की प्रगति और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता रहूंगा।
कार्यक्रम में शिक्षक रोहित कुमार महतो, इरफान उल्लाह, सुशील कुमार महतो सहित कई शिक्षकों ने विचार व्यक्त किए। मौके पर छुचु धासी, रेनु देवी, लीलावती, रीमा देवी, शशि भूषण पांडेय, गोपाल शर्मा, अनंत प्रसाद, जय प्रकाश रजक, विनोद कुमार, मनोज कुमार पांडेय, मनोज कुमार महतो, महेंद्र प्रजापति, इन्द्रनाथ महतो, चंद्रशेखर, रूपेश कुमार महतो, नींबू यादव, सुधा कुमारी, पूनम, तुलसीधर मंडल सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य मौजूद थे। समारोह के दौरान माहौल भावनात्मक रहा। विद्यार्थियों ने भी अपने प्रिय शिक्षक को नम आंखों से विदाई दी। अंत में विद्यालय परिवार ने महतो के स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
![]()













Leave a Reply