Advertisement

बोकारो में 8 से 15 मार्च तक भव्य महिला महोत्सव का होगा आयोजन-उपायुक्त

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बोकारो जिले में आगामी 8 से 15 मार्च तक सप्ताह व्यापी महिला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर 2 मार्च को जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने वीडियो संवाद के माध्यम से गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

जानकारी के अनुसार आयोजित बैठक में सप्ताह व्यापी महिला महोत्सव कार्यक्रमों की रूपरेखा, जिम्मेदारियों का निर्धारण तथा व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष रूप से चर्चा की गयी। उपायुक्त ने कहा कि महिला महोत्सव का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण को ठोस आधार प्रदान करना है।

बताया गया कि सप्ताह व्यापी महोत्सव के दौरान प्रदर्शनी, निबंध प्रतियोगिता, पैनल डिस्कशन, खुला संवाद, सम्मान समारोह एवं जागरूकता अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कहा गया कि इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), महिला उद्यमियों एवं कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे उन्हें बाजार उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहन मिलेगा।

कहा गया कि महोत्सव के दौरान विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर महिलाओं की भागीदारी विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, ताकि युवा पीढ़ी में लैंगिक समानता और महिला नेतृत्व के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो। बोकारो जिले के किशोरियों एवं महिलाओं के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित कर स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, साइबर सुरक्षा, कानूनी अधिकार एवं करियर मार्गदर्शन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मविश्वासी और जागरूक बनाना है।

इस अवसर पर बेटियों के जन्म को लेकर समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए बधाई हो बेटी हुई है… अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जन्म पंजीकरण, शिक्षा, टीकाकरण एवं पोषण के महत्व पर विशेष जोर दिया जाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सामाजिक सेवा, प्रशासन एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। कहा गया कि जिला प्रशासन का मानना है कि सम्मान से प्रेरणा मिलती है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

पेंशन से वंचित वृद्ध महिलाओं को मिलेगा लाभ

बताया गया कि इस अवसर पर सर्वजन पेंशन योजना के तहत छूटे हुए वृद्ध महिलाओं की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया है कि पात्र लाभुकों का शीघ्र सत्यापन कर उन्हें लाभान्वित किया जाए। जिले के सभी बैंक, बीएसएल एवं अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कर्मियों के बीच विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।

इन कार्यशालाओं में कार्यस्थल पर सुरक्षा, लैंगिक समानता, यौन उत्पीड़न निवारण अधिनियम, मानसिक स्वास्थ्य और नेतृत्व कौशल जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा महिला सशक्तिकरण को जन-जन तक पहुंचाने के लिए #WomenOfBokaro एवं #BokaroKiBeti हैशटैग के साथ सोशल मीडिया अभियान चलाया जाएगा। प्रेरणादायक कहानियों, उपलब्धियों एवं योजनाओं से संबंधित रील्स और वीडियो संदेश तैयार कर साझा किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक रहिवासी इस अभियान से जुड़ सके।

समीक्षा क्रम में कहा गया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का इस वर्ष का आधिकारिक वैश्विक थीम है राइट्स, जस्टिस, एक्शन फॉर ऑल वूमेंस एंड गर्ल्स जिसका अर्थ है सभी महिलाओं और लड़कियों के लिए अधिकार, न्याय और सक्रिय कार्यवाही सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि लैंगिक भेदभाव, असमानता और सामाजिक बाधाओं को खत्म किया जा सके। यह थीम इस बात पर जोर देती है कि महिलाएं सिर्फ सम्मान पाने की मात्र प्रतीक्षा न करें, बल्कि उनके अधिकारों की रक्षा, न्यायिक सुरक्षा और समान अवसर के लिए ठोस कदम उठाए जाएँ।

यही नहीं, एक व्यापक अभियान गिव टू गेन भी चलाया जा रहा है, जो बताता है कि जब हम समर्थन, संसाधन और अवसर साझा करते हैं, तो पूरे समाज को लाभ मिलता है और लैंगिक समानता की दिशा में एक उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ा जा सकता है। जिला उपायुक्त झा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने का निर्देश दिया।

साथ हीं उन्होंने कहा कि महिला महोत्सव समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बने और महिलाओं के अधिकार, सम्मान एवं सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम साबित हो। मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण भगत, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत वीडियो संवाद के माध्यम से अन्य पदाधिकारीगण शामिल रहे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *