प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। पेटरवार प्रखंड के हद में अंगवाली के मैथानटुंगरी स्थित धर्म-संस्थान में आयोजित श्रीरामचरित मानस महायज्ञ के दौरान 5 अप्रैल को आठवीं रात्रि प्रवचन के क्रम में सुंदरकाण्ड व लंकाकाण्ड के कई प्रसंगों पर आचार्यों द्वारा उल्लेख किया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी से पधारे मानस मार्तंड अच्युतानंद जी महराज ने आताताई रावण के अत्याचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि यूं तो भगवान श्रीराम अत्याचारियों के नाश करने के लिए ही धरती पर आए थे। उन्होंने रावण को नही मारा, बल्कि उन्होंने उसकी मोह को मारा है। कहा कि यदि रावण मारा गया होता तो आज उसका पुतला दहन नही किया जाता।
मानस मार्तंड ने अपने सारगर्भित व्याख्यान में कहा कि भगवान श्रीराम अपने माता-पिता व् गुरुजनों के आशीष से ही रावण जैसे आततायी को मार सके। यह स्पष्ट किया कि आज भी समाज में, राष्ट्र में लाखो रावण विचरण कर रहे हैं। मनुष्य के भीतर जो राक्षसी प्रवृति व्याप्त है, वही रावण है। भगवान राम के आदर्शों को जीवन में उतारकर ही रावण जैसे राक्षस का समूल नष्ट किया जा सकता है।

अयोध्या से पधारी हुई मानस माधुरी लक्ष्मी रामायणीं ने कहा कि त्रेता युग में जो स्थिति थी, वही स्थिति आज देश की है। आतंकवाद के सहारे देश को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। यह उनकी भूल है। उन्होंने कहा कि रावण, कंश, हिरणकश्यप जैसे अत्याचारी राजाओं का प्रयास भी विफल रहा तो, आज के अत्याचारियों की क्या बिसात।
आज व्यास अनिल पाठक एवं टीम द्वारा पाठ के दौरान एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने यज्ञ स्थल का परिक्रमा किए। प्रवचन के दौरान बेरमो के पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल यहां पहुंचे और प्रभु दरबार में मत्था टेका। उन्होंने मानस के प्रति अपनी उदगार व्यक्त किया।
इस अवसर पर धर्म स्थल के संस्थापक गौरबाबा, अध्यक्ष श्यामलाल सिंह, उपाध्यक्ष पवन कुमार नायक, मंच संचालक संतोष नायक, कन्हैयालाल नायक, राजेश नायक, पवन विश्वकर्मा, चंदन रविदास, बरूण मिश्रा, नीतीश मिश्रा, सुरेश सिंह, सुरेश विश्वकर्मा आदि की उपस्थिति में पूर्व विधायक बाटूल को सम्मानित किया गया।
![]()













Leave a Reply