पहले दिन कुल 6488 आवेदन जमा, 1346 को किया गया ऑन स्पॉट स्वीकृत
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिले में महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के निर्देशानुसार तीन दिवसीय विशेष पेंशन शिविर का शुभारंभ 20 फरवरी को किया गया। शिविर में सुबह से ही बड़ी संख्या में जरूरतमंद जुटने लगे थे।
मौके पर उपस्थित पंचायत सचिवालयों के कर्मियों, मुखिया, उप मुखिया, पंसस, वार्ड सदस्य आदि ने ग्रामीणों को योजना के संबंध में बताया और आवेदन प्रपत्र देते हुए उसे आवेदन करने में सहयोग किया।
इस अवसर पर बोकारो जिला के हद में बोड़िया उत्तरी पंचायत सचिवालय में बड़ी संख्या में महिला पुरुष पेंशन के हकदार पहुंचे, जहां पंचायत के मुखिया कामेश्वर महतो, आशीष कुमार, प्रज्ञा केंद्र संचालक श्याम कुमार आदि द्वारा आवेदको को आवेदन प्रपत्र भरने तथा आवश्यक दस्तावेज को संग्रहित कर जमा करने में सहयोग किया गया।
बताया जाता है कि 20 फरवरी को शिविर के पहले दिन सभी शिविरों में हेल्प डेस्क बनाया गया था। जहां ग्रामीणों ने आवेदन भरने के काम को कर्मचारियों के सहयोग से पूरा किया। पहले दिन बोकारो जिला में कुल 6,488 आवेदन प्राप्त किए गए। जिसमें ऑन स्पॉट 1,346 आवेदनों को स्वीकृत किया गया। शेष आवेदन का निष्पादन कार्य प्रगति पर होना बताया गया है।

ज्ञात हो कि, वर्तमान में मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना (एमएमएसओएपीएस) के तहत 60 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु वर्ग के रहिवासियों को योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। पिछले दिनों सम्यक विचारोपरांत राज्य की महिलाओं, अनुसूचित जनजाति (एसटी) तथा अनुसूचित जाति (एससी) के महिला एवं पुरूष वर्ग के 50-60 आयु वर्ग को योजना का लाभ देने का निर्णय लिया गया है। इसी को लेकर 20 से 22 फरवरी तक विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है।
वहीं, शिविर की सफलता तथा शत-प्रतिशत योग्य जरूरतमंदो को लाभ पहुंचाने के लिए बोकारो जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा सभी प्रखंडों में वाहनों से माइकिंग द्वारा प्रचार – प्रसार कराया जा रहा है। शिविर में आहर्ताधारियों को पहुंचने और योजना से जुड़ने का अपील किया जा रहा है।
![]()













Leave a Reply