प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। धनबाद में इन दिनों भू-माफिया सक्रियता से जमीन कब्जा करने का अवैध व्यापार जोरो पर है। भू-माफिया येन-केन-प्रकारेण जमीन पर कब्जा करने से गुरेज नहीं कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार धनबाद थाना क्षेत्र के बरवा टोला में भू-माफियाओं ने जमीन पर कब्जा जमाने का प्रयास किया गया। रैयत के विरोध करने पर भू-माफिया के गुर्गो ने जमकर पत्थरबाजी की। सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर किसी तरह मामले को तत्काल शांत कराने में सफल रही है।
बताया जाता है कि भू-माफियाओं ने यहां 17 डिसमिल रैयती जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश की है। भू-माफिया अपने गुर्गो के साथ लाठी-डंडे से लैस होकर बरवा टोला पहुंच कर उक्त जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। मामले की जानकारी जमीन के मूल रैयत को मिलने के बाद आनन-फानन में पहुंच कर अपनी जमीन कब्जा का विरोध जताया गया।
बताया जाता है कि रैयत द्वारा विरोध करने पर भू-माफिया के गुर्गो ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसमें रैयत समर्थक आधा दर्जन जख्मी हो गए। इसके बाद रैयत ने मामले की सूचना धनबाद पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर भू-माफिया तथा उसके गुर्गो को खदेड़ दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को जमीन के कागजात के साथ थाना आने का निर्देश दिया है।
इस संबंध में 19 फरवरी को रैयत सरयू कुमार ने कहा कि 17 डिसमिल जमीन रामदुलार कुमार और उनके परिवार के नाम से है। भू माफिया राकेश कुमार और जोगेंद्र शर्मा द्वारा उक्त जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। उसने बताया कि इसके पूर्व भी उक्त जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया है।
मौके पर घटना स्थल पर उपस्थित धनबाद थाना की सहायक अवर निरीक्षक शीला लकड़ा ने कहा कि जमीन पर कब्जा करने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि उक्त जमीन का पुराना विवाद है। दोनों पक्षों को जमीन के दस्तावेज के साथ थाना पहुंचने के लिए कहा गया है। दस्तावेज की जांच तक जमीन पर किसी तरह के काम पर रोक रहेगी।
![]()













Leave a Reply