Advertisement

पुण्यतिथि पर याद किए गए शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर दियारे के सुप्रसिद्ध क्रांतिकारी शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी की 78वीं पुण्यतिथि 30 अगस्त को मनाया गया। पुण्यतिथि पर बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने उन्हें सादर नमन किया।

इस अवसर पर भाजपा अनुशासन समिति के बिहार प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व भाजपा विधायक विनय कुमार सिंह ने कहा कि शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी सहित देश के हजारों शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से ही हमें यह आजादी मिली है। उन्होंने कहा कि भारत माता को परम् वैभव तक ले जाने का हम सभी का संकल्प है।

तेरा वैभव अमर रहे मां हम दिन चार रहें न रहें। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल बाद स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों का सपना साकार हो रहा है। भारत सबल और सशक्त बना है। 75 वर्षों के बाद आज जम्मू कश्मीर के हर घर में तिरंगा फहरा रहा है। गरीबों को सम्मान देने का काम आज केंद्र की मोदी सरकार कर रही है।

भाजपा के पूर्व विधायक सिंह ने बभनटोली स्थित सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत भवन में शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी की 78वीं पुण्यतिथि (बलिदान दिवस) पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
समारोह की अध्यक्षता जेपी सेनानी धर्मनाथ शर्मा और संचालन अविनाश शर्मा कर रहे थे।

इस अवसर पर बिहार प्रदेश उदासीन महामंडल के अध्यक्ष व लोकसेवा आश्रम के व्यवस्थापक संत विष्णु दास उदासीन उर्फ मौनी बाबा को समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सिंह ने अंग वस्त्र से सम्मानित किया। मौनी बाबा ने शहीद की धरती सबलपुर के रहिवासियों को आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं जेपी सेनानी महेन्द्र प्रताप ने सभी शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि मेरा माटी मेरा देश अभियान देश के सभी स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के घरों से जोड़ने और उन्हें सम्मान देने का महाभियान है, जो पहले कभी नहीं हुआ।

सारण जिला पार्षद प्रतिनिधि और पति सुनील कुमार ने कहा कि शहीद ब्रह्मचारी पुस्तकालय के निर्माण के लिए जिला पार्षद फंड से 15 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है।

इस अवसर पर भाजपा नेता शिव बचन सिंह, नरेशु सिंह, अमरेश कुमार बूब्बू, भाकपा नेता ब्रज किशोर शर्मा , विजय कुमार शर्मा, साहित्यकार माधव प्रसाद राय, भाजपा नेता नरेन्द्र सिंह, राजीव सिंह, अजय पासवान आदि ने भी संबोधित किया।

सबलपुर मध्यवर्ती के पूर्व मुखिया दीपक शर्मा ने आयोजन को सफल बनाने में भरपूर सहयोग दिया। इस अवसर पर साहित्यकार सारंगधर सिंह सहित बड़ी संख्या में रहिवासी मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *